लखनऊ, 18 सितम्बर 2021

अखिल भारतीय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शनिवार को नेपाल क्लब में मीडिया से बात करते हुए साफ किया कि कांग्रेस अपने दम पर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। प्रदेश के सभी 403 सीटों पर पार्टी उम्मीदवार खड़े करेगी। सीएम योगी पर तंज कसते हुए अजय लल्लू ने कहा, विकास का जो झांसा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड के चित्रों को लगाकर योगी जी द्वारा दिखाया जा रहा है, उसे देखकर यूपी की जनता ने उन्हें इंग्लैंड भेजने का मन बनाया है। अब यूपी में उनका गुजारा नहीं होगा।

गोरखपुर और बस्ती मंडल के सात जिलों के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को लेकर गोरखपुर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीएम के चेहरे को लेकर लोग सवाल पूछते हैं। कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है। यहां विधायक अपना नेता चुनते हैं। यूपी में महासचिव प्रियंका गांधी प्रभारी हैं। उनके नेतृत्व में ही चुनाव होगा। चेहरा कौन होगा इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उत्तर प्रदेश सरकार के साढ़े चार पूरे होने की उपलब्धियों के सवाल पर अजय लल्लू ने कहा कि यूपी का नौजवान, किसान, आम आदमी सरकार से बेरोजगारी, महंगाई, गन्ना मूल्य बकाया से लेकर महिला अपराधों को लेकर सवाल पूछ रहा है। लेकिन सरकार झूठे विकास का पुलिंदा दिखा रही है।