अम्बेडकरनगर 10 सितम्बर 2021

ग्राम सचिवालय को संचालित करने के लिए सरकार की तरफ से ग्राम पंचायतों में नियुक्त किए जा रहे पंचायत सहायक/डाटा एंट्री ऑपरेटर के चयन का काम पूरा हो गया है। मेरिट के आधार पर हुए चयन में बड़ी संख्या में महिलाओं और लड़कियों ने बाजी मारी है। जल्द ही जिला प्रशासन की तरफ से उन्हें नियुक्ति पत्र भी दिया जाएगा।

योगी सरकार ने ग्राम पंचायतों में बनाए गए पंचायत भवन को ग्राम सचिवालय के रूप में सक्रिय करने के लिए पंचायत सहायकों को मानदेय पर नियुक्त करने का फैसला किया है। इसके तहत ग्राम पंचायत के ही निवासी को पंचायत सहायक पद के लिए आवेदन करना था। शासन की तरफ से नियुक्ति प्रक्रिया के लिए दी गई समय सीमा के अनुसार ग्राम पंचायतों में प्राप्त आवेदन के आधार पर पंचायत सहायकों का चयन कर दिया गया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में लड़कियों और महिलाओं का चयन पंचायत सहायक के लिए हुआ है। पंचायत विभाग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट थी। मेरिट के आधार पर सर्वश्रेष्ठ मेरिट होल्डर का चयन इस पद के लिए किया गया है। जल्द ही जिला स्तरीय अधिकारियों के परीक्षण के उपरांत पंचायत सहायक/डाटा एंट्री ऑपरेटर को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इसके बाद वे पंचायत भवन में बैठकर यह ग्राम पंचायत में चलने वाली योजनाओं को संचालित करने में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारियों को मदद करेंगे। डीपीआरओ अवनीश श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द चयन सूची का परीक्षण किया जाएगा। तत्पश्चात आगे की कार्यवाही की जाएगी।

अभी 895 ग्राम पंचायतों में हुआ है चयन

जिले में कुल 902 ग्राम पंचायतें हैं, जिसके सापेक्ष अभी 895 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों का चयन किया जा चुका है। ग्राम पंचायतों से प्राप्त सूचना के आधार पर खंड विकास अधिकारियों ने नियुक्ति प्रक्रिया सेई संबंधित रिपोर्ट जिला पंचायत राज कार्यालय को भेजी है। सात ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जहां पर चयन को लेकर विवाद है। इसलिए यहां पर अभी चयन किया नहीं जा सका है।