वाराणसी, 19 सितम्बर 2021

कांग्रेस अपना यूपी मिशन-2022 प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चलाएगी। रविवार को वाराणसी आए कांग्रेस घोषणा पत्र कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने यह बात कही। हालांकि प्रियंका के विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने चुप्पी साध ली। कहा कि यह आलाकमान ही तय करेगा। सलमान खुर्शीद ने पंजाब में कैप्टन अमरिंदर के इस्तीफे से लेकर स्मृति ईरानी पर भी बात की। मगर पं. कमलापति त्रिपाठी के परपोते ललितेश पति त्रिपाठी के इस्तीफे पर बोलने से बचे। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि पार्टी हाईकमान ललितेश के संपर्क में है।

कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र की तैयारी के लिए वाराणसी आए सलमान खुर्शीद ने प्रियंका गांधी के अमेठी या रायबरेली से चुनाव लड़ने के सवाल पर कुछ भी कहने से साफ इनकार किया। कहा कि वह कांग्रेस के मिशन यूपी की अगुवा हैं और उनके नेतृत्व में कांग्रेस यूपी विजय करेगी। चुनाव लड़ने का फैसला आलाकमान का होगा। सपा या दूसरी पार्टियों से गठबंधन के कयासों को भी खुर्शीद ने खारिज कर दिया।

कहा कि अगर गठबंधन की बात अंदरखाने भी होती तो घोषणा पत्र के लिए सभी जिलों और इलाकों में वह यात्रा न कर रहे होते। पार्टी में अंदरूनी कलह के सवाल को सलमान खुर्शीद ने घर की बात कहकर टाल दिया। सलमान खुर्शीद ने पंजाब के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने वाले अमरिंदर सिंह के सवाल पर कहा कि पार्टी उन्हें पूरा सम्मान देगी। खुर्शीद ने स्मृति ईरानी के अमेठी के विकास के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि वह अब भी यह क्यों बताना चाह रही हैं कि उन्होंने चुनाव जीता है, अब वह क्षेत्र की नेता हैं और विकास करने के लिए स्वतंत्र हैं।

राम सबके हैं, किसी पार्टी या वर्ग के नहीं

राममंदिर और धारा 370 के सवाल पर सलमान खुर्शीद समर्थन ने कहा कि राम सबके हैं, किसी पार्टी या वर्ग के नहीं। रामराज्य की परिकल्पना हर आम आदमी की खुशहाली से संबंधित है। इसकी तुलना उन्होंने ‘निजाम-ए-मुस्तफा’ से की। धारा-370 को भी उन्होंने इससे जोड़ते हुए कहा कि देश में देश के हर नागरिक को समान अधिकार मिले। कांग्रेस ने हमेशा इसका समर्थन किया है। यही रामराज्य है।