मिर्ज़ापुर, 8 सितम्बर 2021

मिर्जापुर में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। विंध्याचल स्थित अखाड़ा घाट के सामने बीच गंगा में दर्शनार्थियों से भरी नाव पलट गई। हादसे में छह दर्शनार्थी लापता हो गए। इसमें तीन महिला व तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं परिवार के छह सदस्य समेत आठ लोगों को स्थानीय नाविकों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया। इसमें एक फोटोग्राफर व नाविक है। झारखंड से एक ही परिवार के बारह लोग विंध्याचल दर्शन पूजन करने आए थे।

मौके पर पहुंचे डीआईजी आरके भारद्वाज, कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र, डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, एसपी अजय कुमार सिंह व सीओ सिटी प्रभात राय पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस डूबे दर्शनार्थियों की तलाश कराने में जुटी है। शाम पांच बजे तक किसी की तलाश नहीं हो पाई थी।

झारखंड के रांची के धुरहा गांव निवासी 35 वर्षीय राजेश तिवारी पुत्र भुवनेश्वर तिवारी अपने परिवार के बारह सदस्यों के साथ विंध्याचल दर्शन पूजन करने आए थे। दर्शन पूजन के पूर्व सभी लोग अखाड़ा घाट पर स्नान करने के लिए पहुंचे। नाव पर सवार होकर सभी लोग फोटोग्राफर प्रदीप को साथ लेकर गंगा के उस पार स्नान करने चले गए। स्नान करने के बाद सभी उसी नाव से वापस लौट रहे थे।

नाव जब बीच गंगा में लगभग एक बजे के करीब पहुंची, तभी तेज बारिश के साथ हवा चलने लगी। बारिश का पानी नाव में भर गया। इससे दर्शनार्थियों से भरी नाव पलटकर बीच गंगा में डूब गई। नाव पलटते ही घाट पर मौजूद अन्य नाविक अपनी अपनी नाव लेकर बचाने के लिए पहुंचे। नाविकों ने डूब रहे आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया। इसमें नाविक गौतम व फोटोग्राफर प्रदीप भी शामिल है। वहीं राजेश तिवारी के परिवार के छह सदस्य गंगा में डूब गए। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस स्थानीय गोताखोरों को लगाकर डूबे दर्शनार्थियों की तलाश कराने में जुट गई है।

इन्हें बचा लिया गया सुरक्षित

नाविकों ने राजेश तिवारी (35), विकास (28),  दीपक (27),  वाहन चालक सुदीप (35),  अल्का (9),  रितिका (7) शामिल हैं।

गंगा में लापता हैं ये लोग 

नाव में सवार गुड़िया (28), खुश्बू (30), अनीषा (26), सत्यम (5) व ढ़ाई वर्ष का एक बच्चा व तीन माह की बच्ची लापता हैं।