Fire in Cracker Factory, Bawana Fire, Fire In Delhi, State News

नयी दिल्ली, दिल्ली के औद्योगिक इलाके बवाना में शनिवार देर शाम एक अवैध पटाखा गोदाम में आग लगने से 17 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं। 30 दमकलों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग लगने की वजहों का पता नहीं चल सका है। दिल्ली सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। दिल्ली फायर सर्विस के डायरेक्टर जीसी मिश्रा के अनुसार, गोदाम अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। यहां से देशभर में पटाखे ऑनलाइन बेचने का काम हो रहा था। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब 6.20 बजे एफ-90 सेक्टर-5 स्थित पटाखा गोदाम में आग लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहुत तेजी से फैली आग ने देखते ही देखते फैक्ट्री के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर व पहली मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय बड़ी संख्या में लोग वहां काम कर रहे थे। कुछ ने तो भागकर अपनी जान बचा ली, लेकिन कई लोग अंदर ही फंसे रह गए।

जानकारी सामने आ रही है कि दिल्ली के बवाना में चल रही इस फैक्ट्री का लाइसेंस ही नहीं लिया गया था। बता दें कि दिल्ली सरकार के श्रम विभाग का फैक्ट्री निदेशालय फैक्ट्रियों को लाइसेंस जारी करता रहा है। औद्योगिक विभाग के फैक्ट्री एक्ट कार्यालय से भी उद्योगों को मंजूरी लेनी होती है।

वहीं, भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिक मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। मनोज जैन ने पूछताछ में बताया है कि यह फैक्‍ट्री एक जनवरी से किराए पर ली थी और वह बड़े पैमाने पर होली और स्‍टेज शो के लिए बड़े पैमाने पर पटाखों की पैकिंग करवा रहा था।

इससे पहले हादसे में अफसोस जताते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये, जबकि घायलों को 1-1 लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताया है। विभिन्न अस्पतालों में भर्ती घायलों को देखने के लिए रविवार सुबह दिल्ली के उपराज्यपाल पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच प्रधान सचिव (गृह) करेंगे।

बवाना की दो अन्य फैक्ट्री में भी आग 

शनिवार रात बवाना में ही दो और फैक्ट्री में आग लगी, हालांकि वहां किसी हताहत होने की खबर नहीं है। सेक्टर-1 स्थित कारपेट बनाने की फैक्ट्री में लगी आग पर दमकल की 10 गाड़ियों ने काबू पाया। शाम 7.35 बजे सेक्टर-3 स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री मेें भी आग लग गई। दमकल की 12 गाड़ियों ने आग पर नियंत्रण किया।