अफगानिस्तान

अफगानिस्तान के हेरात शहर में एक मस्जिद में बम विस्फोट हुआ है। टोलो न्यूज के अनुसार धमाका हेरात शहर के जवादिया मस्जिद में हुआ है, जिसमें 29 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से भी अधिक लोग घायल हुए हैं। खबरों के अनुसार ईरान की सीमा से सटे हेरात शहर के एक शिया मस्जिद को निशाना बनाकर धमाका किया गया है।

हेरात के अस्पताल के डॉक्टर मोहम्मद रफिक शिराज ने बताया कि इस धमाके में मारे गए 29 मृत लोगों के शवों समेत सभी घायलों को यहां लाया गया है। बम धमाके में घायल हुए लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

खबरों के अनुसार ये धमाका जवादिया मस्जिद के प्रवेश द्वार पर हुआ है। अभी तक 29 लोगों के शव को बरामद किया जा चुका है। अफगानिस्तान में शिया अल्पसंख्यक हैं और इन्हें कट्टर इस्लामी संगठन निशाना बनाते रहे हैं।

एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को बम से उड़ा दिया, जबकि दूसरे हमलावर ने मस्जिद के अंदर लोगों पर ग्रेनेड फेंका। अधिकारी के अनुसार दोनों आतंकी मर गए हैं। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। जवादिया मस्जिद के आस-पास अधिकतर शिया मुसलमान रहते हैं। हेरात शहर ईरान की सीमा के नजदीक है।