बठिंडा : बठिंडा से जम्मू और माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। इंडियन एयर लाइंस बठिंडा से जम्मू के लिए 27 फरवरी से फ्लाइट शुरू करने जा रहा है। लोगों को इससे काफी लाभ होगा। ट्रेन से जम्मू जाने पर 11 घंटे का समय लगता है, जबकि हवाई सेवा से यह सफर मात्र 1 घंटा 5 मिनट में तय हो पाएगा। अभी हर साल बठिंडा व मालवा से करीब 3 लाख श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के साथ अमरनाथ दर्शनों के लिए रेल मार्ग से सफर करते हैं।  इस संबंधी बठिंडा वायु स्टेशन मैनेजर नरंजन सिंह ने बताया कि जम्मू से 9.15 बजे 72 सीटों वाला ए.टी.आर. जहाज उड़ेगा, जो 10.20 बजे बठिंडा पहुंचेगा।

वही जहाज 10.50 बजे बठिंडा से जम्मू के लिए उड़ान भरेगा, जो 12 बजे जम्मू पहुंचेगा। बठिंडा से जम्मू के किराए के बारे में उन्होंने बताया कि पहले आओ पहले पाओ की योजना के तहत न्यूनतम किराया 1295 रुपए है, जबकि यह किराया बढ़ता हुआ 2300 रुपए तक पहुंच सकता है। जो यात्री पहले टिकट बुक करवाते हैं उनसे सभी कर सहित मात्र 1295 रुपए ही वसूल किए जाएंगे। अगर दूसरे चरण में कोई यात्री टिकट बुक करवाता है तो किराया आगे बढ़ता जाएगा। इस जहाज में यात्रियों को नि:शुल्क ब्रेक फास्ट का भी प्रबंध किया गया है।