17 जून 2021

आम को भारत में राष्ट्रीय फल का दर्जा प्राप्त है। यहां आम की कई किस्में उगायी जाती हैं। भारतीय लोग आम को बड़ चाव से खाते हैं। मगर क्या आपको पता है कि दुनिया का सबसे महंगा आम कहां पाया जाता है? ज्यादातर लोगों को लगता होगा कि भारत में ही दुनिया का सबसे महंगा आम पाया जाता है। परन्तु ऐसा नहीं है। दुनिया का सबसे महंगा आम जापान में पाया जाता है।

हालांकि, अब इसका प्रोडक्शन भारत में भी किया जा रहा है। इस आम को जबलपुर के एक बगीचे में उगाया जा रहा है। इस आम का नाम है ‘ताइयो नो तामागो’ इसकी कीमत 2 लाख रुपये प्रति किलो है। इस खास प्रजाती के आम को ‘एग ऑफ द सन’ भी कहा जाता है, जिसे जापान के मियाजाकी प्रांत में उगाया जाता है। भारत में इसे जबलपुर, चरगवां रोड पर स्थित संकल्प परिहार और रानी परिहार के बगीचे में उगाया जाता है। इस दंपति के बगीचे में आम की 14 अलग-अलग किस्में उगाई जाती हैं। इनमें से कुछ पेड़ ताइयो नो तामागो के भी हैं और पिछले चार साल से इनमें फल भी लग रहे हैं।