Burka, Man in Burka, Aligarh, City News, Khabrein24

अलीगढ़, रविवार दोपहर को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया जब बुर्का पहने युवक को लोग पकड़ने के लिए दौड़ने लगे। दिल्ली जा रहे भाजपा कार्यकर्ता ने उसे पकड़ कर जीआरपी के हवाले कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों को इसकी खबर लगी तो वह भी रेलवे स्टेशन पहुंच गई।
एटीएस अलीगढ़ यूनिट की टीम ने भी युवक से पूछताछ की। कई घंटे चली पूछताछ में पता चला कि युवक का नाम नजमुल हसल है और वो कासिमपुर पावर हाउस में इंजीनियर है। उसका कहना है कि वो दिल्ली जा रहा था। सिविल पुलिस, जीआरपी, एलआयू, आईबी एटीएस आदि सुरक्षा एजेंसियों ने रात भर पूछताछ की। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। जांच के बाद इंजीनियर को क्लीन चिट दी। इंजीनियर को जांच पूरी न होने तक छुट्टी देने पर रोक लगाई गई है।
दरअसल हुआ यूँ कि प्लेटफार्म संख्या तीन पर दोपहर को दो बजे यात्री दिल्ली जाने के लिए ईएमयू पैसेंजर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। तभी दिल्ली जा रहे बीजेपी नेता दीपक दुबे व अन्य यात्रियों की नजर बुर्का पहने युवक पर पड़ी। उसके हाव-भाव से यात्रियों को संदेह हुआ। यात्रियों ने उसका पीछा किया तो वह भागने लगा।
दीपक ने किसी तरह उसे ओवर ब्रिज पर चढ़ने से पहले पकड़ लिया और जीआरपी के हवाले करके दिल्ली चला गया। इसके बाद उसने भाजपा युवा मोर्चा के योगेश वार्ष्णेय को फोन से इस बारे में अवगत भी करा दिया। कई भाजपा नेता स्टेशन पर पहुंच गए और और संदिग्ध के खिलाफ तहरीर तक दे दी।
मामला संदिग्ध होने पर एटीएस, एलआइयू की टीम भी पहुंच गई। युवक से रात 9 बजे तक पूछताछ हुई। जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर अब्दुल कादिर ने बताया कि युवक की पहचान कासिमपुर पॉवर हाउस के सहायक इंजीनियर नजमुल हसन के रूप में हुई है।

वह पटना (बिहार) का रहने वाला है और पॉवर हाउस में 2009 से कार्यरत है। उसका परिवार भी यहीं रहता है। नजमुल हसन ईद पर दिल्ली गया था। कुछ लोगों ने ट्रेन में उसके साथ मारपीट कर दी थी। इस दौरान जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी वजह से वह बुर्का पहन कर निकला था।
उसे दिल्ली अपने ममेरे भाई सलाउद्दीन को देखने जाना था। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों को उसकी बात गले नहीं उतर रही है। इसके चलते ही पुलिस ने उसके द्वारा बताए सभी ठिकानों की पड़ताल की।