Bus Conductor

गुड़गांव के रेयान इंटरनेशनल स्कूल में 7 साल के मासूम प्रद्युम्न के कातिल बस कंडक्टर अशोक ने कैमरे पर अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी बस कंडक्टर ने पुलिस को बताया कि वह प्रद्युम्न के साथ कुकर्म करना चाहता था। प्रद्युम्न के शोर मचाने के बाद उसने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी।

कहां का रहने वाला है अशोक-
स्कूल के बस कंडक्टर अशोक के आरोप कबूल लेने से हर कोई सन्न रह गया है। 42 साल के अशोक को पुलिस ने बीती रात ही गिरफ्तार कर लिया था। घमरोज गांव का रहने वाला अशोक पिछले 8 महीने से स्कूल में काम कर रहा था।

कुकर्म करने की कोशिश की थी-
आरोपी बस कंडक्टर ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह जब उसने प्रद्युम्न को टॉयलेट में अकेला देखा, तो उसने जबरन उसके साथ कुकर्म करने का प्रयास किया। प्रद्युम्न ने जब शोर मचाया, तो उसने उसका गला काट दिया।

अशोक के पास पहले से चाकू रखा हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद अशोक ने टॉयलेट में ही चाकू धोया और चाकू वहीं फेंककर बाहर आ गया। इसके बाद अशोक ही बच्चे को अस्पताल पहुंचाने के लिए उसे गाड़ी तक लेकर आया ताकि किसी को उस पर शक न हो।

यह भी पढ़े: गुरुग्राम के स्कूल में हुआ 7 साल के बच्चे का मर्डर, टॉयलेट में मिली लाश

बच्चों ने पुलिस को दिया बयान-
कुछ बच्चों ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि घटना के समय उन्होंने कंडक्टर अशोक को टॉयलेट में जाते हुए देखा था। वहीं पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से भी इस केस को सुलझाने में काफी मदद मिली है। पुलिस का कहना है कि अशोक ने अकेले इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूली है।

शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा-
अशोक का क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। शनिवार को आरोपी बस कंडक्टर अशोक को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जरुरत पड़ी तो स्कूल के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रद्युम्न के परिजनों ने स्कूल के खिलाफ कार्रवाई न करने पर कड़ी नाराजगी जताई है।

स्कूल प्रबंधन भी आरोपी-
प्रद्युम्न की मां ज्योति ने कहा है कि यदि स्कूल के अंदर मैनेजमेंट ही बच्चों को सुरक्षा नहीं दे सकता है, तो बच्चे आखिर कहां सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने अपने बच्चे की मौत के लिए कंडक्टर अशोक के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन को भी कुसूरवार बताया है। इसके अलावा मैनेजमेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि कोई और मासूम किसी अशोक का शिकार न हो सके।