टेस्ला के मालिक और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क किसी ना किसी वजह से हर दिन सुर्खियों में रहते हैं। एक बार फिर वो चर्चा में हैं। इस बार वजह बनी है दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित मैगजीन ‘टाइम’, इस बार एलन मस्क को टाइम मैगजीन ने पर्सन ऑफ द ईयर -2021 बताया है। इस सम्मान के बाद मस्क अपने पुराने दिनों को याद करते हुए काफी भावुक हो गए। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि जब वो अमेरिका आए तो उनके पास कुछ नहीं था।

साल 2021 की शुरुआत में एलन मस्क ने संपत्ति के मामले में जेफ बेजोस को पछाड़ दिया था। जिसके बाद वो दुनिया के सबसे रईस व्यक्ति बन गए थे। टाइम मैगजीन द्वारा पर्सन ऑफ द ईयर-2021 बताए जाने के बाद मस्क ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मैं जब यूएस आया था तब मेरे पास कोई पैसा नहीं था। मैं दो नौकरी और स्काॅलरशिप के बाद भी कर्ज में डूबा था।’

टाइम मैगजीन का यह सम्मान दुनिया भर के दिग्गज नेताओं का मिलता आया है। अमूमन यह कम ही देखा जाता है कि यह  अवार्ड किसी बिजनेस वर्ल्ड के व्यक्ति को मिले। बता दें, अमेरिका का पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मार्केल भी टाइम मैगजीन का यह सम्मान पा चुके हैं।

इसी साल अक्टूबर में टेस्ला उन कुछ कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो गई थी। जिनका मार्केट कैप 1 ट्रिलियन के पार पहुंच गया है। इसके अलावा मस्क की दूसरी कंपनी Space X भी स्पेस सेक्टर में दुनियाभर के स्टार्टअप के लिए एक मिशाल पेश कर रही है। मस्क ट्वीटर पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। पिछले महीने ही उन्होंने अपने फाॅलोवर्स से पूछा था कि क्या उन्हें टैक्स का भुगतान करने के लिए अपने हिस्से का शेयर बेच देना चाहिए। अधिकतर लोगों ने हां में जवाब दिया था। जिसके बाद से ही वो अपने हिस्से का शेयर बेच रहे हैं।