मथुरा, 24 सितम्बर 2021

भारी घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दिन लदने वाले हैं। उपभोक्ताओं की सहूलियत को देखते हुए गैस कंपनियां कंपोजिट सिलेंडर लॉन्च करने जा रही हैं। ये न केवल वर्तमान घरेलू सिलेंडर से हल्के होंगे बल्कि देखने में भी खूबसूरत लगेंगे। इतना ही नहीं, इसमें गैस कितनी बची है, इसका भी पता आपको लगता रहेगा। कंपोजिट सिलेंडर की लॉन्चिंग 25 सितंबर को सांसद हेमा मालिनी मथुरा से करेंगीं।

बता दें सिलेंडर में केवल 10 किलो ही गैस आएगी, ऐसे में आपको यह करीब 700 रुपये में मिल जाएगा। एक बात ध्यान देने वाली यह है कि एलपीजी के दाम कम नहीं हुए हैं, बल्कि कंपोजिट सिलेंडर में वर्तमान सिलेंडर के मुकाबले 4 किलो गैस कम आएगी। पहले चरण में यह कंपोजिट सिलेंडर दिल्ली, बनारस, प्रयागराज, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जयपुर, हैदराबाद, जालंधर, जमशेदपुर, पटना, मैसूर, लुधियाना, रायपुर, रांची, अहमदाबाद समेत 28 शहरों में उपलब्ध होगा।

सात किलो कम होगा वजन

करीब 6 दशक की यात्रा के बाद घरेलू सिलेंडर में गैस कंपनिया बदलाव करने जा रही हैं। बाजार में आने वाला कंपोजिट सिलेंडर लोहे के सिलेंडर के मुकाबले 7 किलो हल्का होगा। इसमें थ्री-लेयर होंगे। बता दें अभी इस्तेमाल होने वाला खाली सिलेंडर 17 किलो का होता है और गैस भरने पर यह 31 किलो से थोड़ा अधिक पड़ता है। अब 10 किलो के कंपोजिट सिलेंडर में 10 किलो ही गैस होगी।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह 10 किलो और 5 किलो के सिलेंडर के रूप में उपलब्ध होगा। पटना में जहां ग्राहकों को 10 किलो के सिलेंडर के लिए करीब 700 रुपये देने होंगे, वहीं 5 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 363 रुपए रखी गई है। 10 किलो वाला सिलेंडर लेने के लिए ग्राहकों को 3350 रुपए की सिक्योरिटी मनी देनी होगी, वहीं 5 किलो वाले सिलेंडर के लिए 2150 रुपये देने होंगे।