5 जुलाई यानि आज हापुड़ के ब्रजघाट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा है। उनके दौरे को लेकर यहां अधिकारी जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ब्रजघाट में आयोजित कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हेलीपैड, कार्यक्रम मंच व पंडाल पूरी तरह से तैयार हो चुका है। सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी। वॉटरप्रूफ पंडाल के अलावा आठ मेटल डिटेक्टर भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही पूरी सुरक्षा व्यवस्था में 1200 पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।

मंगलवार देर शाम सुरक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई। अमरोहा प्रशासन भी मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सतर्क है। हालांकि कार्यक्रम स्थल की सारी जिम्मेदारियां हापुड़ प्रशासन देख रहा है। मगर हाईवे पर व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी अमरोहा पुलिस की है। गजरौला पुलिस ने ब्रजघाट तक हाईवे के कटों को बंद कर दिया है। जगह-जगह पुलिस तैनात रहेगी। ब्रजघाट पर उनके आने और जाने के समय 30-30 मिनट के लिए हाईवे बंद रहेगा। सीएम की सुरक्षा में सात अपर पुलिस अधीक्षक लगाए गए हैं।

इसके साथ ही 18 पुलिस उपाधीक्षक, 21 निरीक्षक, 6 थानाध्यक्ष, 170 दरोगा, 13 महिला दरोगा, 10 ट्रेफिक दरोगा, 10 ट्रेफिक एचसीपी, 500 सिपाही, 54 महिला आरक्षी, 20 ट्रेफिक आरक्षी सुरक्षा घेरे का हिस्सा रहेंगे जो चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे।