देहरादून, 3 जुलाई 2021

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्वान पर महानगर कांग्रेस ने महिला के उत्पीड़न के आरोपित ज्वालापुर विधायक का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने भाजपा विधायक से तत्काल इस्तीफे की मांग की।

शनिवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्त्‍ताओं ने दोपहर 12 बजे राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय से एस्लेहाल चौक तक प्रदर्शन किया। यहां उन्होंने भाजपा विधायक सुरेश राठौर का पुतला फूंका।

लालचंद शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में भी भाजपा के पदाधिकारियों ने महिलाओं पर अत्याचार किया है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा के राज में दुष्कर्म के मामले बढ़ना चिंता का विषय है।

आज स्थिति यह है कि भाजपा शासित किसी भी प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। कहा कि भाजपा के एक पूर्व संगठन महामंत्री पर भी महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। उस मामले में भी सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की और मामले को रफादफा कर दिया।