मुंबई, 5 अप्रैल 2021

कोरोना वायरस पूरी तरह से बेलगाम हो गया है, जिस वजह से पहली बार देशभर में एक लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, जहां 57 हजार से ज्यादा पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इस बार कोरोना का पूरा असर बॉलीवुड पर भी नजर आ रहा, जहां एक के बाद एक बड़े फिल्मी सितारे कोरोना वायरस की चपेट में आ रहे हैं। हालांकि सभी की हालत स्थिर है।

अक्षय कुमार अस्पताल में भर्ती

बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार ने रविवार को खुद बताया कि वो कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं और घर पर ही आइसोलेट हैं, लेकिन सोमवार को उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई। अक्षय कुमार ने कहा है वो डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। वो जल्द ही घर वापस आएंगे। उन्होंने दुआओं के लिए फैन्स का शुक्रिया कहा है। वहीं डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है।

गोविंदा घर पर क्वारंटीन

अक्षय कुमार के पॉजिटिव होने के बाद रविवार को गोविंद ने भी अपने फैन्स को बताया कि वो वायरस से संक्रमित हो गए हैं। साथ ही डॉक्टरों के कहने पर घर पर ही आइसोलेट हैं। गोविंद ने कहा कि उनके अंदर हल्के लक्षण थे, जिस पर उन्होंने जांच करवाई। बाद में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उनकी पत्नी भी कुछ हफ्तों पहले इस महामारी की चपेट में आईं थी। हालांकि राहत भरी बात ये है कि परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित हैं।

विक्की और भूमि भी संक्रमित

एक्टर विक्की कौशल इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘SAM बहादुर’ पर काम कर रहे थे, जो फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की जिंदगी पर आधारित है। इस बीच सोमवार को उन्होंने खुद के संक्रमित होने की खबर दी। डॉक्टरों को दिखाने के बाद वो घर पर ही आइसोलेट हो गए। साथ ही दवाएं ले रहे हैं। वहीं भूमि पेडनेकर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मेरा कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। मैं ठीक हूं लेकिन कोरोना के हल्के लक्षण भी महसूस कर रही हूं। मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। सभी से कहना चाहूंगी कि महामारी को हल्के में ना लें।

‘अंगुरी भाभी’ और अभिजीत पड़े बीमार

पॉप्युलर शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ फेम अंगूरी भाभी उर्फ शुभांगी अत्रे कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। शुभांगी के मुताबिक उनको दो दिनों से बुखार था और टॉन्सिल्स की समस्या हो रही थी। इसके बाद कोरोना के भी लक्षण नजर आए, जिस वजह से उन्होंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। जिसके बाद उन्होंने डॉक्टरों से बात की और खुद को घर पर क्वारंटीन कर लिया। फिलहाल उनकी हालत ठीक है और वो दवाएं ले रही हैं। वहीं सिंगर अभिजीत सावंत भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने सोमवार दोपहर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

ऋत्विक भौमिक भी नहीं बच पाए

बॉलीवुड एक्टर ऋत्विक भौमिक भी महामारी की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने खुद को घर पर क्वारंटीन किया है। वहीं सोमवार को बॉलीवुड में तब हड़कंप मच गया जब अक्षय कुमार की फिल्म ‘राम सेतु’ के सेट पर कोरोना विस्फोट हुआ और एक साथ 45 जूनियर आर्टिस्ट पॉजिटिव पाए गए। जिस वजह से फिल्म की शूटिंग रोक दी गई है।