दबंगों

उत्तर प्रदेश में सरकार चाहे किसी भी पार्टी की हो, कानून व्यवस्था का दबंगों में कोई खौफ नहीं है। दबंगों की दबंगई का ऐसा ही मामला कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में देखने को मिला। जहां संपत्ति के विवाद में दबंगों ने घर में घुसकर युवती को बदनीयत से बाहर खींचने की कोशिश की। जब युवती ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद दबंगों ने उसके घर पर पथराव किया। जिसमें उसके पिता का सिर फट गया। मां को भी गंभीर चोट आईं है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र के गांव अफजलपुर का है। यहां की रहने वाली युवती समीरा बेगम के परिवार का दबंग इकराम रईस के साथ संपत्ति विवाद चल रहा है। इसी के चलते दबंगों ने घर में घुसकर एक युवती को बदनीयत से खींचने की कोशिश की। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़िता बिधनू थाने पहुंची जहां पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।

पीड़िता समीरा बेगम ने बताया कि समझौता होने के बाद जब अपने घर अफजलपुर पहुंची, तो इकराम रईस के घर की महिलाओं ने गाली-गलौज शुरू कर दी। तभी इकराम रईस और सदाब आए और हमारे घरवालों के साथ मारपीट फिर से शुरू कर दी। पीड़ित युवती का आरोप है कि मारने पीटने के बाद उसके घर पर दबंगों ने पथराव भी किया। इस घटना में पिता और मां घायल हो गए। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।