TEHRI

देवप्रयाग के मेन बाजार में आज दोपहर एक घर में रसोई गैस सिलेंडर फटने से हड़कंप मच गया। सिलेंडर की आग से घर का सभी सामान जलकर राख हो गया, जबकि मकान को बहुत नुकसान पहुंचा है। आग लगते ही संजय भट्ट और उसकी वृद्ध माता तुरंत बाहर की ओर भागे, जिससे उनकी जान बच गई। सिलेंडर फटने से आस-पास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। सूचना पर आपदा प्रबंधन व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।

आज दोपहर देवप्रयाग के मेन बाजार निवासी संजय भट्ट पुत्र स्व श्रीकृष्ण भट्ट ने रसोई में गैस सिलेंडर खत्म होने पर नया गैस सिलेंडर लगाने को जैसे ही खाना बनाने के लिए गैस का स्विच ऑन किया, तो सिलेंडर ने आग पकड़ ली।

इस पर वह और उसकी 80 वर्षीय मां गोदांबरी देवी तुरंत बाहर की ओर भाग निकले। थोड़ी देर बाद सिलेंडर विस्फोट के साथ फट गया। इससे पूरे मेन मार्केट में हड़कंप मच गया। सिलेंडर की आग पूरे घर में फैल गई। आग से टीवी, फ्रिज, सोफा, बर्तन, कपड़े सभी जलकर राख हो गए।

घटना के समय संजय के दोनों बेटे तेजस, श्रीयस व विधवा बहन रेखा घर पर नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बिजली मैकेनिक संजय भट्ट किसी तरह रोजी-रोटी कमाकर परिवार चलाता है। मकान के क्षतिग्रस्त होने से संजय को उसके पड़ोसी तिलक जोशी ने फिलहाल सहारा दिया है। लोगों ने पीड़ि‍त परिवार को सरकार से तत्काल राहत दिए जाने की मांग की है। सभासद विद्यार्थी पालीवाल ने भी जिला प्रशासन से गरीब परिवार को समुचित सहायता दिए जाने की मांग की है।