Dhanbad acident

झारखंड के धनबाद जिले में कल बेहद ही खतरनाक घटना को अंजाम दिया गया था। मंगलवार शाम कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने धनबाद के पूर्व उप मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना के बाद धनबाद में कर्फ्यू जैसा माहौल हो गया है। पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी बना दिया है। इस बीच डीजीपी ने घटना की जांच के लिए एसआआइटी का गठन कर दिया है।

दरअसल मंगलवार देर शाम धनबाद के स्‍टील गेट के पास शाम करीब सात बजे बाइक सवार हमलावरों ने नीरज सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर हमला बोल दिया। हमले में नीरज के अलावा उनके दोस्त अशोक यादव तथा नीरज के ड्राइवर व बॉडीगार्ड घायल हो गए हैं। उनको तत्‍काल अस्‍पताल पहुंचाया गया, मगर किसी को भी बचाया न जा सका। अपराधी घटना के बाद भागने में सफल रहे।

कौन थे नीरज सिंह

शूटआउट में मारे गए पूर्व डिप्टी मेयर कोयलांचल के बादशाह स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह के भतीजे थे, हालांकि सूर्यदेव के परिवार से उनके संबंध सही नहीं थे। सूर्यदेव के बेटे संजीव सिंह नीरज सिंह के चचेरे भाई हैं। संजीव झरिया से बीजेपी विधायक भी हैं।
आपको बता दें नीरज सिंह धनबाद के डिप्टी मेयर रह चुके हैं। साथ ही उन्होंने साल 2014 के विधानसभा चुनाव में झरिया से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था। नीरज का रांची में बिल्डिंग का काफी व्यापक कारोबार भी है, इसके साथ ही रॉक गार्डेन का संचालन भी उनकी कंपनी करती है।

मंगलवार को नीरज की हत्या के बाद परिवार वालों ने इसे बदला करार दिया है। कल हुई घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव और भी ज्यादा बढ़ गया है।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्‍टी सीएम तेजस्‍वी यादव ने कहा कि धनबाद में कर्फ्यू जैसे हालात बन गए हैं। अब अपराध चरम पर है। भाजपा पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए तेजस्‍वी ने कहा कि झारखंड में कानून-व्‍यवस्‍था की स्थिति बेहद खराब है।