Akhilesh and Yogi

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष तथा यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। अखिलेश यादव ने कल आजमगढ़ में कारगिल में शहीद रामसमुझ यादव की कांस्य की प्रतिमा का अनावरण किया है।

अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पूर्वाग्रह से ग्रसित है। यहां पर बदले की भावना से काम हो रहा है। उन्होंने आगे कहा है कि लखनऊ से बलिया तक जाने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को सरकार ने रोक कर अच्छा नहीं किया। यदि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बन जाता, तो तमाम बेरोजगारों को रोजगार और पूर्वांचल के लोगों का विकास हो जाता।

अखिलेश यादव ने बताया है कि बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, से बलिया तक जाने वाला इस मार्ग से पूर्वांचल की गरीबी व पिछड़ापन दूर हो जाता। समाजवादी पार्टी ने जहां-जहां विकास किया है, वहां-वहां पर सरकार अपनी टांग अड़ा रही है। सरकार अभी तक कोई भी नया काम नहीं कर पाई है। इसका जवाब वर्ष 2019 के चुनाव में जनता भाजपा को देगी। अखिलेश ने कहा है कि यह सरकार केवल नौटंकी व झूठ की पुलिंदा है। झूठ बोलकर सत्ता में पहुंच गई और हम सच बोलकर हार गए। सरकार झूठ का पिटारा है और जनता को भ्रमित कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सेना हमारी स्वतंत्रता के लिए सीमाओं की रक्षा कर रही है। फिर भी शहीद परिवार को उपेक्षित किया जा रहा है। यह बिल्कुल भी देश व समाज के हित में नहीं है। भाजपा पर निशाना साधते हुए पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि आज प्रदेश व केंद्र में भाजपा सरकार है। सरकार अच्छे दिनों का वादा करती है, आखिर अच्छा दिन कहां गया।

अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर में मेडिकल कालेज में मासूमों की जान चली गई, मगर सरकार ने किसी भी प्रकार की सहायता नहीं दी। इन्हीं बच्चों में से कोई भी बच्चा देश की सीमा, इंजीनियर व आइएएस बनकर देश की सेवा कर सकता था। उन्होंने कहा कि किसानों के हित की बात करने वाली सरकार अब किसानों पर कहर बरपा रही है।

किसान, नौजवान सुरक्षित नहीं रहेगा, तो हम विकास कर ही नहीं सकते हैं। अखिलेश यादव ने नोटबंदी के सवाल पर कहा कि सरकार ने सब नोट रख दिया और रंग बिरंगी नोट जारी कर दिया। कहीं भी नोटबंदी से काला कारोबार बंद नहीं होता है, बल्कि लेन-देन से काला कारोबार होता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस रंग के कुर्ते पहनते हैं, उसी रंग का नोट बनवा रहे हैं। इससे देश का फायदा नहीं होगा और न ही भ्रष्टाचार रूकेगा।