ब्वॉयफ्रेंड

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक हॉस्टल में रह रही महिला टीचर ने प्रेमी से खफा होकर अपनी जान दे दी है। खुदकुशी से पहले उसने अपने ब्वॉयफ्रेंड को कई बार फोन किया, मगर जब उसने फोन उठाया नहीं तो अपनी अंतिम तस्वीर व्हाट्सएप करके जिंदगी खत्म कर ली। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। ब्वॉयफ्रेंड की तलाश की जा रही है।

एक न्यूज पोर्टल के अनुसार ग्वालियर के चना कोठार स्थित अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में रहकर 27 वर्षीय नीलम अरोरा एसआई की तैयारी भी कर रही थी। इसके साथ ही वह संविदा पर एक स्कूल में पढ़ाने भी जाती थी। उसका दीपक नाम के लड़के से प्रेम संबंध था। उसका ब्वॉयफ्रेंड अक्सर हॉस्टल में आया करता था। कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद था।

बताया जा रहा है कि नीलम ने अपने प्रेमी से बात करने की गुजारिश की, मगर कोई जवाब नहीं मिला। उसने आखिरी मैसेज किया- कॉल रिसीव करो, नहीं तो दीप आज मैं अपने आप को खत्म कर लूंगी। आखिरी सांस तक तुम्हें प्यार किया है। उसका यही नतीजा है। अब व्हाट्सएप पर मेरी लटकी लाश देखो। इसके बाद उसने अपनी जिंदगी खत्म कर ली।

हॉस्टल वार्डन मुन्नी ने बताया कि नीलम के साथ एक लड़का अक्सर आता था। कई बार वह अकेले भी आता था। नीलम एसआई की तैयारी के लिए कोच मुख्तयार सिंह से फिजीकल ट्रेनिंग ले रही थी। उसने 4 महीने पहले ही कोचिंग ज्वॉइन की थी, मगर पिछले 3-4 दिन से वहां नहीं गई थी। नीलम मेहनती थी. उसे कभी तनाव में नहीं देखा गया था।

थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि दीपक ने पहले नीलम के मैसेज का जवाब नहीं दिया, मगर व्हाट्सएप देखते ही नीलम की फ्रेंड शिल्पी को फोन किया। उसके बाद शिल्पी अपनी दोस्त रितु के साथ नीलम के कमरे पर पहुंची। नीलम फांसी के फंदे से लटक रही थी। दीपक फिलहाल कॉल नहीं उठा रहा है। इस मामले की जांच की जा रही है।