उत्तराखंड, 18 मार्च 2021

उत्तराखंड के हल्द्वानी में बाल संप्रेक्षण गृह से सात विधि विवादित किशोर तीन मंजिला भवन की खिड़की के एंगल और जाली काटकर फरार हो गए। किशोरों ने तीन मंजिल से उतरने के लिए खोल और चादरों की रस्सी बनाई।

सातों किशोरों में से छह चोरी और एक एनडीपीएस एक्ट में राजकीय संप्रेक्षण गृह में थे। छह किशोर हल्द्वानी के आसपास क्षेत्र और एक अपराधी लालकुआं का बताया जा रहा है। काफी खोज बीन के बाद दो किशोर मिल गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सुबह छह बजे चौकीदार जैसे ही बाल अपराधियों को उठाने के लिए तीन मंजिले भवन के कमरे में पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो चौकीदार ने दरवाजे का कुंडा तोड़ अंदर देखा तो खिड़की का एंगल कटा हुआ देखकर वह हैरान रह गया। उसने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी।

मौके पर पहुंचे सीओ सिटी डा. जगदीश चंद्रा और सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने घटना की जानकारी ली। सीओ जगदीश चंद्रा ने बताया कि सात किशोर चादर और गद्दों की खोल की रस्सी बनाकर तीन मंजिला भवन से नीचे उतरे। इसके बाद वे एक पुरानी सीढ़ी लगाकर दीवार फांदकर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि घटना सुबह तीन से चार बजे की है। सुबह जानकारी मिलने के बाद खोज बीन शुरू की गई तो दो किशोर मिल गए। बाकी किशोरों की तलाश जारी है।

चौकीदार को आ गई थी नींद

पुलिस जांच में पता चला है कि चौकीदार को करीब एक बजे नींद आ गई थी। इसी समय किशोरों ने खिड़की के एंगल और जाली काटी और मौके का फायदा उठाकर भाग निकले।

देहरादून में राजकीय बाल सुधार गृह से भी भागे थे दो किशोर

बता दें कि हाल ही में देहरादून में केदारपुरम स्थित बाल सुधार गृह से भी दो किशोर (बाल अपचारी) मौका देखकर भाग निकले थे। सुधार गृह के अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई। करीब 18 घंटे बाद पुलिस ने दोनों किशोरों को खोज निकाला था।