जुए

जुए की लत में एक शख्स ने पत्नी को दांव पर लगा दिया। जीतने के बाद जुआरियों ने रुपए की मांग कर महिला से गैंगरेप किया। आरोपी बेटी से संबंध बनाने की धमकी दे रहे हैं। परेशान महिला को घर बदलकर रहना पड़ रहा है। पीड़िता मंगलवार को कंट्रोल रूम पहुंची और पति व दो जुआरियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

झंडा चौक (राऊ) निवासी 38 वर्षीय महिला के अनुसार 14 साल पहले वैध कॉलोनी (पीथमपुर) निवासी किशोर से उसकी शादी हुई थी। उसकी तीन बेटियां और एक बेटा है। पति को शराब और जुए की लत है। चार साल में वह घर का सामान और जेवर तक जुए में हार गया। कुछ दिन पहले उसने घनश्याम चौकीदार और नौशाद शेख (दौलताबाद) के साथ जुआ खेला और रुपए के साथ मुझे भी दांव पर लगा दिया।

जीतने के बाद आरोपी रुपए वसूलने के लिए घर आने लगे। छह महीने पहले दोपहर 1 बजे तीनों बेटियों के सामने उन्होंने संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर कहा कि उन्होंने मुझे जुए में जीता है। अब उनके साथ रहना पड़ेगा। बदमाशों ने बच्चियों को घर से निकाला और बारी-बारी से ज्यादती की। बाद में जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पति को घटना के बारे में बताया तो बेटी को दांव पर लगाने की धमकी देने लगा। महिला के अनुसार घटना के बाद उसने मायके और बेटमा में घर बदले। कुछ दिन पहले पति और आरोपी नए घर में आ गए। उन्होंने ज्यादती और बेचने की धमकी दी। एसपी (पूर्व) ने एएसपी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।