विकेट

टीम इंडिया ने श्रीलंका ने 304 रनों से हरा कर गॉल टेस्ट जीत लिया है। इसी के साथ ही विराट ब्रिगेड़ ने 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। पहली पारी में मिली 309 रनों की बढ़त और दूसरी पारी में बनाए गए 240 रनों की मदद से भारत ने श्रीलंका के सामने 550 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा था। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 76.5 ओवर में 245 रन पर ही ढेर हो गई।

दूसरी पारी में भी बिखरी श्रीलंका-
दूसरी पारी में श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 22 रन के स्कोर पर उसे पहला झटका लग गया। जब 2.5 ओवर में मोहम्मद शमी ने उपुल थरंगा (10) को बोल्ड कर दिया। दूसरा विकेट उमेश यादव को मिला। जब 5.4 ओवर में दानुष्का गुणातिलका (2) उनकी गेंद पर पुजारा को कैच दे बैठे।

श्रीलंका को तीसरा झटका रवींद्र जडेजा ने दिया, जब उन्होंने 30.5 ओवर में कुशल मेंडिस (36) को ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच करा दिया। चौथा विकेट भी जडेजा ने लिया। 34.3 ओवर में उनकी गेंद पर एंजेलो मैथ्यूज (2) को हार्दिक पंड्या द्वारा कैच आउट कराया।

भारत ने श्रीलंका को दिया 550 रन का लक्ष्य-
टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी में भी अपना दबदबा बरकरार रखा। दूसरी पारी में टीम इंडिया ने विराट कोहली के 17वें टेस्ट शतक और अभिनव मुकुंद की शानदार 81 रन की पारी की बदौलत श्रीलंका के सामने 550 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा। श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में फ्लॉप रहे कप्तान विराट कोहली ने दूसरी पारी में शानदार 103 रनों की पारी खेली।

भारत ने दूसरी पारी में 240 रन बनाए और पहली पारी में मिली 309 रन की लीड को मिलाकर उसकी कुल बढ़त 549 रन की हो गई। इससे पहले भारत के पहली पारी में 600 रन के जवाब में श्रीलंका की टीम 291 रनों पर सिमट गई थी। मगर इसके बाद भी भारत ने मेजबान टीम को फॉलोऑन नहीं दिया था।