Indian army

जम्मूः  पाकिस्तानी सेना ने रविवार को एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर जम्मू और पुंछ जिलों में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास अग्रिम गांवों को निशाना बनाकर भारी गोलीबारी की जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि कान्हाचक क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में एक नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान गोपाल दास बावा(44) के रूप में की गई है। उसका भाई राम दास बावा (46) गोलीबारी में घायल हुआ है। घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शनिवार देर रात से अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास गोलीबारी बंद थी लेकिन राजौरी के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारी गोलीबारी जारी थी। अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान ने आरएसपुरा, पर्गवाल, कान्हाचक और अर्निया में आज शाम भारी गोलीबारी की और आम नागरिकों को निशाना बनाया। पाकिस्तानी सेना की ओर से नौशेरा सेक्टर में शाम साढ़े पांच बजे संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से भारतीय सेना के ठिकानों को निशाना बनाकर बड़े तथा छोटे हथियारों से हमले किए गए। अधिकारी ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पाकिस्तानी गोलीबारी का माकूल जवाब दिया। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक गोलीबारी जारी थी।