मनोज तिवारी

नई दिल्ली : दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए उनको देश का सबसे झूठा राजनेता बताया है। मनोज तिवारी ने कहा, ‘दिल्ली में रोज पाप का घड़ा फूटता है और केजरीवाल देश के सबसे झूठे राजनेता हैं।’

आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल ने पार्टी को मिले चंदे की गलत जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने आयकर विभाग और वेबसाइट में चंदे की अलग-अलग जानकारी दी है।

मनोज तिवारी ने कहा, ‘आप ने आयकर विभाग को बताया कि साल 2013-14 में 50 लाख का चंदा मिला था और वेबसाइट पर 19 करोड़ 42 लाख की जानकारी दी, कहां गए 30 लाख रुपए। केजरीवाल ने चुनाव आयोग को भी चंदे पर अलग जानकारी दी है। ‘

इसके अलावा मनोज तिवारी ने यह भी ऐलान किया है कि वह केजरीवाल की ओर से चुनाव आयोग को दी गई चंदे की सही जानकारी जानने के लिए आज 4 बजे आयोग जाएंगे और पता लगाएंगे कि केजरीवाल ने कहां क्या-क्या जानकारी दी है।

आपको बता दें कि दिल्ली के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल पर दो करोड़ रुपए कैश लेने का आरोप लगाया है और इस मामले के सबूत उन्होंने आज सीबीआई को सौंपी है।