नई दिल्ली, 25 मार्च 2021

पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने पत्रकार प्रिया रमानी के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखते हुए अब दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। आपराधिक मानहानि मामले में निचली अदालत से प्रिया रमानी को राहत मिलने के बाद अब एमजे अकबर ने कोर्ट के फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती दी है जिस पर आज यानी गुरुवार को सुनवाई होगी। एमजे अकबर की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट की न्यायाधीश मुक्ता गुप्ता सुनवाई करेंगी। आपको बता दें कि साल 2018 में प्रिया रमानी ने एमजे अकबर पर शोषण का आरोप लगाया था जिसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कराया था।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर के आपराधिक मानहानि याचिका पर सुनवाई करते हुए पिछले महीने 17 फरवरी को निचली अलादलत ने पत्रकार प्रिया रमानी को राहत देते हुए बरी कर दिया था। कोर्ट ने एमजे अकबर के मानहानि मुकदमे को खारिज करते हुए प्रिया रमानी को निर्दोष मान बरी कर दिया था। कोर्ट ने मामले पर फैसला सुनाते हुए रामायण में सीता हरण का जिक्र किया था। जज ने कहा था कि महिला को वर्षों बात भी अपनी शिकायत रखने का हक है। ऐसा शख्स जिसकी समाज में अच्छी प्रतिष्ठा हो वह भी यौन उत्पीड़न करने वाला हो सकता है। यौन उत्पीड़न से सामाजिक प्रतिष्ठा और मनोबल भी गिरता है।

कौन हैं प्रिया रमानी?

प्रिया रमानी भारतीय पत्रकार हैं। इसके अलावा वो राइटर और एडिटर भी हैं। साल 2018 में जब उन्होंने अपने पूर्व संपादक एमजे अकबर पर यौन शोषण का आरोप लगाया तब उनका नाम चर्चा में आया। इसके अलावा उन्होंने ही ‘मीटू’ कैंपेन में भी हिस्सा लिया। साथ ही दुनिया को अपने साथ हुए यौन शोषण की कहानी बताई। प्रिया ने समर हलनकर से शादी की है। वो भी पेशे से पत्रकार हैं। इसके अलावा प्रिया ने अक्टूबर 2020 में इंस्टाग्राम पर ‘इंडिया लव प्रोजेक्ट’ शुरू किया था।