By-Election’s Result: पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में हुए चुनाव के नतीजे गुरुवार को घोषित किए जाएंगे। साथ ही साथ पांच राज्यों की छह विधानसभा सीटों पर हुए उप-चुनाव के परिणाम भी आएंगे। हालांकि, अरुणाचल प्रदेश के लुमला विधानसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी के खिलाफ कोई दूसरा नामांकन नहीं होने से निर्विरोध जीत हो चुकी है। आईए जानते हैं छह विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के अपडेट्स…

तमिलनाडु की इरोड पूर्व विधानसभा सीट

तमिलनाडु में कांग्रेस विधायक थिरुमहान एवरा के निधन के कारण इरोड पूर्व विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ है। उपचुनाव में 77 प्रत्याशी मैदान में थे। हालांकि, डीएमके समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार ईवीकेएस इलांगोवन और एआईएडीएमके प्रत्याशी थेन्नारासु के बीच आमने-सामने की लड़ाई मानी जा रही है। कमल हासन की एमएनएम ने कांग्रेस प्रत्याशी तो जीके वासन की तमिल मनीला कांग्रेस ने अन्नाद्रमुक को अपना समर्थन दिया है।

झारखंड की रामगढ़ सीट

झारखंड की रामगढ़ सीट में भी काफी कांटे का मुकाबला देखने को मिला था। यह उपचुनाव इस क्षेत्र में कई राजनीतिक हत्याओं का भी साक्षी रहा। रामगढ़ सीट पर उपचुनाव यहां की कांग्रेस विधायक ममता महतो के किसी आपराधिक मामले में सजा मिलने के बाद हो रहा है। उपचुनाव में 18 प्रत्याशी मैदान में हैं जिसमें 14 निर्दलीय हैं। हालांकि, मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा गठबंधन सहयोगी कांग्रेस और आजसू के बीच है। आसजू का बीजेपी से गठबंधन हैं। कांग्रेस विधायक ममता देवी के पति बजरंग महतो इस बार प्रत्याशी हैं जबकि आजसू ने सुनीता चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।

बंगाल में सागरदिघी उपचुनाव

सागरदिघी विधानसभा उप चुनाव यहां के सीटिंग विधायक व पश्चिम बंगाल के मंत्री सुब्रत साहा के निधन के कारण हो रहा है। मुर्शिदाबाद जिले की इस सीट पर टीएमसी और बीजेपी के बीच मुकाबला है। जबकि वामपंथी दलों ने कांग्रेस प्रत्याशी बायरन बिस्वास का समर्थन किया है। टीएमसी ने देबाशीष बनर्जी को प्रत्याशी बनाया है तो बीजेपी ने दिलीप साहा को मैदान में उतारा है। सुब्रत साहा इस सीट से तीन बार से विधायक रहे थे।

अरुणाचल प्रदेश की लुमला सीट पर बीजेपी प्रत्याशी की जीत

अरुणाचल प्रदेश की लुमला विधानसभा सीट विधायक जंबे ताशी के निधन से रिक्त हो गया था। यहां उपचुनाव में बीजेपी ने जंबे ताशी की पत्नी शेरिंग ल्हामू को प्रत्याशी बनाया। ल्हामू के खिलाफ किसी भी दल ने प्रत्याशी नहीं उतारा। पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) की उम्मीदवार लेखी नोरबू ने अपनी प्रत्याशिता वापस ले ली थी। ऐसे में शेरिंग ल्हामू इस सीट से निर्विरोध विधायक चुनी जा चुकी हैं।

महाराष्ट्र का कस्बा पेठ विधानसभा उपचुनाव

पुणे क्षेत्र के कस्बा पेठ विधानसभा उप चुनाव महाराष्ट्र की राजनीति का नया केंद्र बना हुआ था। यहां शिवसेना-बीजेपी गठबंधना व महाविकास अघाड़ी ने अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया था। कस्बा पेठ में उपचुनाव भाजपा विधायक मुक्ता तिलक के निधन के बाद हुए। यहां हेमंत रसाने को भाजपा ने तो महाविकास अघाड़ी ने रवींद्र धंगेकर को मैदान में उतारा था।

महाराष्ट्र का चिंचवाड़ उपचुनाव

कस्बा पेठ की तरह पुणे क्षेत्र का चिंचवाड़ विधानसभा उपचुनाव भी मराठा सरकार के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न है। यहां के विधायक लक्ष्मण जगताप के निधन की वजह से उपचुनाव हुए। चिंचवाड़ से बीजेपी के अश्विनी जगताप, राष्ट्रवादी कांग्रेस यानी एमवीए के नाना काटे और निर्दलीय राहुल कलाटे के बीच मुख्य मुकाबला रहा।