साफ, सुंदर और आधुनिक होगी दिल्ली

वित्त मंत्री ने कहा कि दिल्ली साफ, सुंदर और आधुनिक होगी। इसके लिए 21 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। दिल्ली में अभी 7,379 बसें चल रही हैं। 2023 के अंत तक शहर में 1900 ई-बसें होंगी। इससे कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में 1.07 लाख टन की कमी आएगी। यमुना को साफ करने के लिए 6-प्वाइंट का एक्शन प्लान तैयार किया गया है। कचड़े के तीन पहाड़ पर दिल्ली सरकार के बजट का फोकस है।

गहलोत ने दिल्ली में 57 मौजूदा बस डिपो के विद्युतीकरण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 9 नए बस डिपो, 3 आईएसबीटी और 2 मल्टीलेवल बस डिपो का निर्माण होगा। दिल्ली सरकार DMRC के सहयोग से 3 यूनिक डबल-डेकर फ्लाईओवर का निर्माण करेगी। 1,400 किलोमीटर के PWD सड़क नेटवर्क को अपग्रेड किया जाएगा और 26 नए फ्लाईओवर व अंडरपास बनाए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्थानीय निकायों को 8,241 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

वित्त मंत्री ने पेश किया 78,800 करोड़ का बजट

वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने दिल्ली विधानसभा में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 78,800 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। वित्त वर्ष 2022-23 में 75,800 करोड़ रुपए और वित्त वर्ष 2021-22 में 69,000 करोड़ का बजट पेश किया गया था।

8 साल में दिल्ली का चेहरा बदला

कैलाश गहलोत ने कहा कि आठ साल में दिल्ली का चेहरा बदला है। अभूतपूर्व प्रगति हुई है। बिचौलियों का राज खत्म हुआ है। महंगाई के दौर में दिल्ली मॉडल कामयाब है। केजरीवाल मॉडल आशा की किरण जगाती है। दिल्ली भारत की प्रगति और क्षमता का प्रतिक है। 8 साल में 28 फ्लाईओवर बनाए गए। बारापुला फ्लाईओवर का तीसरा चरण जल्द पूरा होगा। दिल्ली में 7 हजार 379 बसें हो गईं हैं।