पुदुचेरी। केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने कई लोकलुभावन घोषणाएं की हैं। अब पुदुचेरी की महिलाओं को बस से यात्रा करने पर कोई किराया नहीं देना होगा। यह सुविधा पूरे राज्य की महिलाओं को मिलेगी। वे बिना किराया दिए पूरे पुदुचेरी में यात्रा कर पाएंगी। यह सुविधा सरकारी बस में यात्रा करने वाली महिलाओं को मिलेगी।

सीएम ने एक मार्च 2023 को इस संबंध में विधानसभा में बयान दिया था। एन रंगासामी ने सभी सरकारी स्कूलों के छात्रों को मुफ्त कम्प्यूटर देने का फैसला किया है। इससे छात्रों को बेहतर शिक्षा मिलेगी और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो पाएंगे।

विधवा को मिलेगी 3 हजार रुपए मदद

इसके साथ ही सीएम ने विधवा के कल्याण के लिए भी बड़ा फैसला किया है। पुदुचेरी की सरकार पहले विधवाओं को एक हजार रुपए की वित्तीय सहायता देती थी। इसमें 2 हजार रुपए की वृद्धि की गई है। अब विधवाओं को तीन हजार रुपए मिलेंगे।

विधानसभा में पेश किया था 11,600 करोड़ रुपए का बजट

मुख्यमंत्री रंगासामी ने कहा कि पुदुचेरी में नए उद्यमों को आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 13 मार्च को पुदुचेरी के मुख्यमंत्री रंगास्वामी ने 11,600 करोड़ रुपए का बजट पेश किया था। पुदुचेरी विधानसभा में 12 साल बाद पूर्ण बजट पेश किया था। मुख्यमंत्री रंगास्वामी ने घोषणा की कि पब्लिक स्कूलों में सभी छात्रों को मुफ्त कम्प्यूटर मिलेंगे।