नौबस्ता

कानपुर : नौबस्ता में विक्षिप्त किशोर ने कमरे में खुद को बंद कर सिलेंडर की गैस पाइप खींच दी और आग लगाने का प्रयास किया। गैस रिसाव होने से इलाकाई लोग दहशत में आ गए। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घर में दाखिल होने के बाद किशोर को बाहर निकाला।

उस्मानपुर बस्ती निवासी सफाई कर्मी रामसजीवन का बेटा रविंद्र (16) मानसिक रूप से कमजोर है। शुक्रवार दोपहर रामसजीवन किसी काम से गए हुए थे। इस बीच रविंद्र ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और रसोई में पहुंच कर बर्तन पटकने लगा। शोर सुन पड़ोसी पहुंचे और खिड़की से देखा तो वह सिलेंडर की गैस पाइप हटाने के बाद चिल्ला रहा था कि आग लगा दूंगा। गैस लीकेज होने से इलाकाई लोग दहशत में आ गए। मौके पर नौबस्ता पुलिस और फायर कर्मी पहुंचे। उन्होंने किशोर को समझाने की बहुत कोशिश की, मगर उसके न मानने पर फायर कर्मी छत के रास्ते टीन शेड हटाकर घर में दाखिल हुए। सिलेंडर का रेगुलेटर बंद कर किशोर को बाहर निकाला। एसओ नौबस्ता जितेंद्र सिंह ने बताया कि रिसाव ज्यादा नहीं हुआ था। किशोर को सकुशल बाहर निकाला गया है।