नई दिल्ली, 01 मई 2021

अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन की कमी से जूझती दिल्ली में और एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। शनिवार शाम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद ट्वीट कर इस फैसले की जानकारी दी है। बता दें कि यह दूसरी बार है जब दिल्ली सरकार ने एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन बढ़ाया है। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले तो सप्ताह से पूर्ण लॉकडाउन लागू है। बता दें कि सीएम अरविंद केजरीवाल के इस फैसले से पहले दिल्ली में 3 मई की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लागू था।

संपूर्ण लॉकडाउन के बाद भी दिल्ली में कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों में कमी नहीं आ रही है, वहीं अस्पताल मरीजों का भार संभालने में असमर्थ हो गए हैं। ऑक्सीजन और दवाइयों की कमी के चलते रोजाना सैंकड़ों कोरोना मरीज दम तोड़ रहे है। इस भयावह स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली सरकार के पास फिलहाल लॉकडाउन ही एकमात्र उपाय है। सीएम केजरीवाल ने ऐलान किया कि दिल्ली में अब लॉकडाउन 10 मई की सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान पाबंदियां पहले जैसी ही लागू रहेंगी।

इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली के व्यापारी संगठनों ने ऐलान किया था कि वह अभी अपनी दुकानें नहीं खोलने वाले। उनकी तरफ से स्वैच्छिक लॉकडाउन की घोषणा की गई थी। कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल अनिल बैजल को भी पत्र लिख आग्रह किया था कि लॉकडाउन को बढ़ाया जाए। व्यापारी संगठनों ने पत्र में लॉकडाउन के बावजूद दिल्ली में लगातार बढ़ रहे मामलों पर चिंता व्यक्त की थी। कैट के राष्ट्रिय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने लॉकडाउन में भी लोगों के बाहर निकलने की आलोचना की थी। बता दें कि दिल्ली में शुक्रवार को 27,047 नए मरीज सामने आए जबकि 375 लोगों की मौत हुई।