किरण

पुडुचेरी: सरकार और उपराज्यपाल के बीच टकराव के बीच अब राज्य सरकार उपराज्यपाल किरण बेदी को हटवाने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री वी नारायणसामी और उपराज्यपाल किरण बेदी के बीच हालात इतने नाजकु हो गए हैं कि दोनों के बीच का टकराव अब खुलकर सामने आने लगा है। इसके लिए वी नारायणसामी सरकार विधानसभा में रिजोल्यूशन लाने की तैयारी कर रही है।

सीएम नारायणसामी ने किरण बेदी पर अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि किरण बेदी पुडुचेरी सरकार की गुप्त जानकारियां ट्विटर पर शेयर करती हैं। नारायणसामी ने यहां तक कह डाला कि किरण बेदी उपराज्यपाल पद के योग्य नहीं है। वो राज्य सरकार के विकास कार्यों में भी बाधा डाल रही हैं। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार विधानसभा में रिजोल्यूशन लाकर उपराज्यपाल बदलने का कदम उठाएगी।

सीएम नारायणसामी ने किरण बेदी पर पुलिसवालों के साथ गलत व्यवहार का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि, ‘उपराज्यपाल जवानों के साथ नौकरों जैसा बर्ताव करती हैं।’

बता दें कि पुडुचेरी एक केंद्र शासित प्रदेश है। 2016 में वहां विधानसभा चुनाव हुए थे। जिसमें कांग्रेस-डीएमके गठबंधन ने 30 सदस्यीय विधानसभा में 17 सीटें जीत कर बहुमत हासिल किया था।