Rahul Gandhi, PM Modi, Modi Gujrat Visit, Tweet war, Gujrat Assembly Election,

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज महाराष्ट्र के दौरे पर जा रहे हैं। राहुल मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ और पारभानी जिलों का दौरा करेंगे। वह पहले नांदेड़ जाएंगे, जहां पर वह पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह परभानी के कुछ गांवों का दौरा करेंगे। राहुल परभानी में एक किसानों की रैली को भी संबोधित करेंगे। वह महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में ऋण माफी और किसानों की आत्महत्याओं को लेकर आवाज उठाएंगे।

राहुल गांधी सुबह 10.30 बजे नांदेड़ पहुंचेंगे। वह सबसे पहले स्थानीय निकायों का चुनाव लड़ने वाले, पार्टी पदाधिकारियों, ब्लाक अध्यक्ष, मराठवाड़ा के जिलों के जिला अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों के साथ मुलाकात करेंगे। दरअसल नांदेड़ कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, जहां अक्टूबर में निकाय चुनाव होने वाले हैं।

राहुल सड़क मार्ग से पारभानी जाएंगे, जो नांदेड़ से दो घंटे की दूरी पर स्थित है। इस रास्ते में वह गांव वालों और किसानों से मुलाकात करते हुए जाएंगे। माना जा रहा है कि राहुल नांदेड़ से पारभानी मोटर साईकिल के जरिए जा सकते हैं।

दोपहर डेढ़ बजे किसानों की संघर्ष सभा की रैली को भी संबोधित करेंगे। आपको बता दें कि इस साल सूखा प्रभावित मराठवाड़ा क्षेत्र में करीब 100 से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। इसीलिए राहुल किसानों की ऋण माफी और आत्महत्याओं को लेकर आवाज उठाएंगे। राहुल गांधी के साथ महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण सहित पूर्व मुख्यमंत्री, विधायक, सांसद और पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।