इंद्रेश

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन (RSS) नेता इंद्रेश कुमार आरएसएस अक्सर अपने विवादित बोल को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। इंद्रेश ने महिलाओं के साथ होने वाले रेप के लिए वैलेंटाइन डे को जिम्मेदार ठहराया है। इंद्रेश कुमार का कहना है कि पश्चिमी संस्कृति का वैलेंटाइन डे रेप, नाजायज बच्चों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के लिए जिम्मेदार है। इंद्रेश कुमार ने RSS स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर अपने संबोधन में यह बात कही।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत में प्रेम में पवित्रता है, लेकिन पश्चिमी सभ्यता ने ऐसे उत्सवों के जरिये इसका वाणिज्यीकरण कर दिया है। भारत में प्रेम पवित्र है। यहां प्रेम राधा-कृष्ण, लैला-मजनू और हीर-रांझा की कहानियों के जरिये बयां किया जाता है, लेकिन पश्चिमी संस्कृति में प्रेम का वाणिज्यीकरण है, जिसके कारण वैलेंटाइन डे की शुरुआत हुई और जो अब बलात्कार, नाजायज बच्चों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के लिए जिम्मेदार है। सिर्फ भारत में ही नहीं, पूरा विश्व आज ऐसी समस्याओं का सामना कर रहा है।

इससे पहले, उन्होंने गौमांस खाने की वकालत करने वालों को कहा था कि वो शैतान की पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने कहा था कि वेटिकन सिटी और मक्का मदीना में भी आज तक गाय की कुर्बानी नहीं हुई है। इसके अलावा, वो देश विरोधी नारे लगाने वालों और भारत माता की जय न बोलने वालों को पाकिस्तान चले जाने की भी नसीहत दे चुके हैं।