सत्यव्रत

एशियाई चैम्पियनशिप के ट्रायल में कुल पांच वजन हैं जिनमें ट्रायल होंगे। एशियाई चैम्पियनशिप के ट्रायल पिछले महीने ही आयोजित किए गए थे, जिनमें कुछ वजनों के ट्रायल को आगे के लिए टाल दिया गया था।

साक्षी-मंजू होंगीं आमने-सामने
साक्षी मलिक के विवाह के बाद ऐसा माना जा रहा था कि एशियाई चैम्पियनशिप में मंजू ही इस वजन में चुनौती रखेंगी लेकिन अब साक्षी ने ट्रायल में उतरने की इच्छा ज़ाहिर की हैं। बता दें कि महिलाओं के 58 किलो वर्ग में राष्ट्रीय चैम्पियन और साउथ एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता मंजू ने निषा को 7-5 से हराया था। महिलाओं के 53 किलो में सीमा का मुक़ाबला पिंकी से होगा। पिछले ट्रायल में सीमा ने शीतल को हराया था।. इसी तरह 75 किलो में ज़्योति का मुक़ाबला किरण से होगा।

सत्यव्रत के सामने होंगे मौसम
सत्यव्रत कादियान को 97 किलो में मौसम खत्री की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। पीडब्ल्यूएल के सीज़न 1 में मौसम ने सत्यव्रत को हराया था जबकि राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में कई मौकों पर सत्यव्रत ने बाज़ी मारी है। पिछले ट्रायल में मौसम के सामने मोनू एक राउंड से ज़्यादा देर टिक नहीं पाए थे।

महिलाओ में रितु फोगट (48 किलो), विनेश (55 किलो), सरिता (60 किलो), रितु मलिक (63 किलो) और दिव्या काकरान (69 किलो) का चयन पहली ही किया जा चुका है जबकि पुरुषों के फ्रीस्टाइल में संदीप तोमर (57 किलो), हरफूल (61 किलो), बजरंग पूनिया (65 किलो), विनोद (70 किलो), जितेंद्र (74 किलो), सोमवीर (86 किलो) और सुमित (130 किलो) का चयन पहले ही हो चुका है।

आपको बता दें कि रियो ओलंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक लाने वाली पहलवान साक्षी मलिक और सत्यव्रत कादियान रविवार को शादी के बंधन में बंध गए।

शादी में कई खिलाड़ियों के साथ वीआईपी मेहमान भी शामिल थे। खबरों के मुताबिक दिन में हरियाणा के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ साक्षी के घर पहुंचे और उन्हें शादी की शुभकामनाएं दी। शादी में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और जाट आंदोलन के नेता यशपाल मलिक भी पहुंचे थे।