प्रदेशभर के शहीद सैनिकों के घर आंगन से मिट्टी लेकर जनपददेहरादून में सैन्यधाम का निर्माण प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है। शहीद सैनिकों के घर आंगन से मिट्टी सैन्यधाम स्थल तक लाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 21 अक्टूबर से शहीद सम्मान यात्रा निकाली जायेगी।

शहीद सम्मान यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में जाकर बैठकों का आयोजन कर समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में सैनिक कल्याण मंत्री श्री जोशी द्वारा चम्बा स्थित विकासखण्ड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ शहीद सम्मान यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गयी।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री श्री जोशी ने कहा कि देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के अनुसार प्रदेश के जनपद देहरादून में प्रदेश सरकार द्वारा सैन्यधाम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सैन्यधाम का निर्माण इस परिकल्पना के साथ किया जा रहा है कि जिस प्रकार लोग प्रदेश के चारधामों के दर्शन हेतु पहंुचते हैं उसी प्रकार लोग देहरादून में सैन्यधाम को देखने पहंुचे।

उन्होंने कहा कि सैन्यधाम का निर्माण प्रदेश के शहीदों के आंगन की मिट्टी से किया जा रहा है। सैन्यधाम में लाईट एण्ड साउन्ड शो के माध्यम से शहीदों की वीर गाथाओं को भी सुनाया व दिखाया जायेगा। उन्होंने कहा कि धाम एक मन्दिर की तरह होता है और सैन्यधाम का निर्माण उसी परिकल्पना के साथ किया जा रहा है। जिसके तहत भारत की सेना के दो शहीद बाबा जसवन्त सिंह एवं बाबा हरभजन सिंह जिनकी पूजा होती है उन दोनों की मन्दिर भी वहां बनाये जायेगें।

वहां पर म्यूजियम होगा। शहीद सैनिकों के चित्र होंगे। उन्होंने कहा कि सैन्यधाम के निर्माण हेतु शहीदों के घर आंगन से मिट्टी को कलशों में लेकर सैन्यधाम स्थल ले जाया जायेगा। जिस हेतु प्रदेश के सभी जनपदों में शहीद सम्मान यात्रा निकाली जायेगी साथ ही शहीदों के परिजनों को ताम्र पत्र देकर सम्मानित भी किया जायेगा। शहीद सम्मान यात्रा का शुभारम्भ जनपद चमोली के ग्राम सवाड़ ब्लाक देवाल एवं जनपद पिथौरागढ़ के ब्लाक मूनाकोट से प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की तैयारियों के सम्बन्ध में सभी अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को शहीद सम्मान यात्रा एवं शहीद परिजन सम्मान कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से हिस्सा लेने को कहा। इस दौरान अध्यक्ष पूर्व सैनिक संगठन चन्द्र मोहन नौटियाल द्वारा उठायी गयी मांग जो स्वाती पावर प्रोजक्ट भिलगंना से हटाये गये पूर्व सैनिक कार्मिकों से सम्बन्धित है तथा सैनिक विश्राम गृह घनसाली की व्यवस्थाओं से सम्बन्धित थी पर उचित भी कार्यवाही का आश्वासन सैनिक कल्याण मंत्री द्वारा दिया।

इस अवसर ब्लाक प्रमुख चम्बा शिवानी बिष्ट, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल जीएस चन्द, खण्ड विकास अधिकारी चम्बा डीएन बडोला, इन्द्र सिंह नेगी, बेबी असवाल आदि उपस्थित थे।