श्रावस्ती में अपने ससुराल गया युवक पांच दिन से लापता है। उसके घर के लोगों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र के चैलाही गांव के राम सुधि चौहान का पुत्र राम राज चौहान दो जुलाई को अपनी पत्नी को लेने अपने ससुराल गया था। इसके बाद से ही उसका कोई अता-पता नहीं है। परिवारीजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है।

घर के लोगों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले राम राज का उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसमे उसने अपनी पत्नी पर हाथ भी उठा दिया था। जिससे उसकी पत्नी को काफी चोटें आई थी। झगड़े के बाद उसकी पत्नी अपने मायके सिरसिया थाना क्षेत्र के बालापुर गांव चली गई। 30 जून को राम राज की पत्नी अपने मायके से ससुराल आयी थी।

दो दिन ससुराल में रहने के बाद दो जुलाई को जब उसका पति राम राज मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गया हुआ था, वह पति को बिना बताए वह अपने भाई के साथ ससुराल से चली गई। इस दौरान वह 25700 रुपये और कुछ जेवर भी लेकर गई थी। दो जुलाई की शाम को जब राम राज मजदूरी करके घर वापस आया तो पत्नी को घर में नहीं पाया। इसी दौरान उसने जब अलमारी को खंगाला तो उसमें न तो पैसे थे और न ही पत्नी के जेवर। यह सब देख वह ससुराल बालापुर चला गया। 24 घंटे बीत जाने पर राम राज के वापस न आने पर उनके पिता ने सिरसिया थाने में तहरीर दी। घर वालों की आशंका है कि राम राज के ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी है। पुलिस पड़ताल में लगी है।