Acid Attack

बीते महीने दो सगी बहनों पर तेजाब से हमले का मामला अभी लोग सही से भूल भी नहीं पाये थे कि एक बार फिर बरेली तेजाब के हमले से हिल गया है। इस बार अज्ञात हमलावारों ने एक परिवार पर सोते समय तेजाब फेंक दिया। तेजाब के हमले से परिवार के 7 सदस्य झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया।

पुलिस को मौके से दो शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने रंजिश में तेजाब से हमले की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। वहीं गांव में इस घटना से दहशत का माहौल है।

थाना प्रभारी फरीदपुर राजीव सिंह ने बताया कि करनपुर गांव के श्रीपाल यादव (52) के घर में शनिवार रात अज्ञात लोगों ने आंगन में सो रहे परिवार पर तेजाब से हमला कर दिया। सुबह 5:30 बजे पड़ोस के गांव का दूधिया उनके घर पहुंचा। श्रीपाल की पत्नी श्रीवती (48) को जगाया। उनका पेट तेजाब से झुलस चुका था। यह देख वह घबरा गईं। आवाज देकर बेटे सुधीर यादव (30) , जगपाल यादव (27), अंचल कुमार (22) व स्केन्द्र यादव (16) को जगाने का प्रयास किया। सभी बेसुध पड़े थे। कई बार सुधीर व जगपाल ने उठने की कोशिश की, मगर वे नहीं उठ सके। तेजाब से सुधीर का हाथ झुलस गया था। हालांकि बाद में सभी उठ गए।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। हल्का दारोगा मुकेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पांच बोतलों से तेजाब बरामद किया। कोतवाल राजेश सिंह, सीओ एमपी अशोक व फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर आ गई। मौके से नमूने लिए। दोनों अफसरों ने झुलसे हुए लोगों को नहलवाने को कहा। नहाने के बाद भी सुधीर व श्रीवती की हालत में सुधार नहीं हुआ है। गांव के झोलाछाप ने भी उनका उपचार किया।

हालत बिगडऩे पर दोनों को महानगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। श्रीपाल ने बताया कि उसके मकान का हाल ही में निर्माण हुआ है। जिस कारण दरवाजे नहीं बन पाए। पीड़ित परिवार ने रंजिश से भी इन्कार किया है।