प्रमाणपत्र

मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में संपत्ति का बंटवारा करके हज यात्रा पर जाने वाले शख्स को उसके बेटे ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वही बीच-बचाव करने पहुंचे अपने चाचा को भी युवक ने गोली मार दी। जिससे चाचा घायल हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी युवक फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना मऊ के दक्षिणटोला थाना के मोबिनपुरा मोहल्ले की है। यहां रहने वाले फिरोज अहमद हज यात्रा पर जाने से पहले अपने बेटों के बीच में पूरी संपति का बंटवारा करना चाहते थे। फिरोज अहमद चाहते थे कि हज पर जाने पर पता नहीं क्या होगा। इसलिए पूरी संपत्ति को अपने दोनों बेटों में बराबर-बराबर बांट दिया जाए।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवाजी शुक्ला ने बताया कि फिरोज के बेटे शमीम उर्फू पप्पू को संपत्ति का बंटवारा पसंद नहीं था। इसी बात से नाराज होकर उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पिता के ऊपर फायर कर दिया। जिससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई। फिरोज को दम तोड़ते हुए देख जब उनका छोटा भाई यानि शमीम का चाचा फिरोज को बचाने के लिए आया तो शमीम ने दूसरी गोली उनपर चला दी। जिससे चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसको इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी बेटा फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।