दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो विश्व कप जीतने का एक और मौका मिल गया है। उनकी नेशनल टीम पुर्तगाल ने मंगलवार को यूरोपीय प्लेऑफ में उत्तरी मेसेडोनिया को 2-0 से हराकर कतर में इस साल के आखिर में होने वाले फुटबॉल महासमर के लिये क्वालीफाई किया। कतर में 21 नवंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में मेजबान सहित 32 टीम भाग लेंगी जिनमें से अभी तक 27 टीम ने क्वालीफाई कर लिया है। विश्व कप के ड्रॉ शुक्रवार को डाले जाएंगे।

पुर्तगाल की जीत से ड्रॉ के लिये पहली आठ टीम कतर, अर्जेंटीना, बेल्जियम, ब्राजील, इंग्लैंड, फ्रांस, पुर्तगाल और स्पेन तय हो गयी हैं। क्रोएशिया, डेनमार्क, जर्मनी, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड और उरुग्वे वरीयता की दूसरी श्रेणी में शामिल हैं। इनके साथ मैक्सिको या अमेरिका में से किसी एक टीम को शामिल किया जाएगा जो बुधवार को क्वालीफाई करेगी। सभी की निगाहें उत्तरी मेसेडोनिया पर टिकी थी जिसने पिछले सप्ताह इटली को 1-0 से हराकर विश्व कप से बाहर कर दिया था।

पुर्तगाल के खिलाफ हालांकि वह उलटफेर नहीं कर पाया। पुर्तगाल ने कुल आठवीं और लगातार छठी बार विश्व कप में जगह बनायी। रोनाल्डो ने पुर्तगाली भाषा में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘लक्ष्य हासिल किया, हम कतर विश्व कप में खेलेंगे, हम अपनी सही जगह पर हैं! अपार समर्थन के लिये सभी पुर्तगालियों का आभार! दमदार पुर्तगाल।’’

जिन यूरोपीय टीमों ने विश्व कप के लिये क्वालीफाई किया है उनमें बेल्जियम, क्रोएशिया, डेनमार्क, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, सर्बिया, स्पेन, स्विट्जरलैंड, पोलैंड और पुर्तगाल शामिल हैं। दक्षिण अमेरिका से अब तक ब्राजील, अर्जेंटीना, इक्वेडर और उरुग्वे ने क्वालीफाई किया है।