last rite

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रैस श्रीदेवी का 27 फरवरी को मुंबई के विले पार्ले इलाक़े में स्थित श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। पति बोनी कपूर ने मुखाग्नि दी थी। अब उनकी अस्थियां रामेश्वरम में विसर्जित करने के लिए शुक्रवार को चेन्नई लाई गईं। बताया जा रहा है कि अस्थियां शनिवार को रामेश्वरम में समुद्र में विसर्जित की जाएंगी। खबरों की मानें तो श्रीदेवी के पति बोनी कपूर एक कलश में अस्थियां लेकर चेन्नई आए। इस दौरान उनके बेटे अर्जुन कपूर उनके साथ नहीं दिखें।

बता दें कि श्रीदेवी, बोनी कपूर के भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने परिवार के साथ दुबई गयी थीं। 20 फरवरी को शादी के बाद वो निजी कारणों से वहीं रुकी रहीं। 24 फरवरी को श्रीदेवी का दुबई में उनके होटल के कमरे में निधन हो गया था।

पहले उनकी मृत्यु का कारण कार्डिएक अरेस्ट बताया गया था, मगर बाद में पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्टों में इसकी वजह बाथटब में दुर्घटनावश डूबना बतायी गयी थी। श्रीदेवी के रक्त में एल्कोहल के अवशेष भी पाये गये थे। पूरे राजकीय सम्मान के साथ श्रीदेवी का अंतिम संस्कार किया गया था। इस दौरान हज़ारों की संख्या में फ़ैंस और इंडस्ट्री के लोगों ने श्रीदेवी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।