खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) पंजाब पुलिस की पकड़ में आने से बचने के लिए भागा फिर रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही पुलिस को शक है कि अमृतपाल अपना हुलिया बदल सकता है। वह हुलिया बदलने में माहिर रहा है। इसके चलते पुलिस ने अमृतपाल के सात लुक्स की तस्वीरें जारी की हैं।

पुलिस को उम्मीद है कि लोग इन तस्वीरों के माध्यम से अमृतपाल को पहचान लेंगे और सूचना देंगे चाहे उसने अपना हुलिया ही क्यों न बदल लिया हो। पुलिस द्वारा जारी किए गए तस्वीरों में अमृतपाल को क्लीन शेव या दाढ़ी वाले लुक और अलग-अलग पगड़ी और भेष में देखा जा सकता है। पंजाब के आईजीपी सुखचैन सिंह गिल ने कहा, “अलग-अलग वेश में अमृतपाल सिंह की कई तस्वीरें हैं। हम इन सभी तस्वीरों को जारी कर रहे हैं ताकि लोग अमृतपाल को गिरफ्तार करने में मदद कर सकें।”

अमृतपाल को भागने में मदद करने वाले चार लोग गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने अमृतपाल को भागने में मदद करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस अमृतपाल को गिरफ्तार करने गई थी, लेकिन वह भागने में सफल रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसका पीछा भी किया था। पंजाब पुलिस चार दिन में अमृतपाल को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

  1. जालंधर जिले में पुलिस ने अमृतपाल का पीछा किया था। उस वक्त वह कार में सवार होकर भागा था। सूत्रों के अनुसार अमृतपाल ने बाद में कई गाड़ियां बदली और एक बाइक पर सवार होकर भी भागा। इस दौरान अपने अपने कपड़े भी बदले और पगड़ी व दाढ़ी को कपड़े से ढंक लिया। पुलिस ने अभी तक अमृतपाल के 100 से अधिक समर्थकों को गिरफ्तार किया है, लेकिन वह अभी भी पुलिस की पकड़ में आने से बचा हुआ है।