britain road accident

दक्षिणी इंग्लैंड के राजमार्ग पर दो ट्रकों की टक्कर के बीच एक मिनीबस के आ जाने से एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। ब्रिटेन में पिछले 24 सालों के दौरान हुई यह सबसे भयानक सड़क दुर्घटना है। इसमें छह युवकों और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में भारतीय भी हैं। अधिकारियों ने बताया है कि दुर्घटना देर रात बकिंघमशायर में न्यूपोर्ट पगनेल के पास राजमार्ग एम1 पर हुई है। हादसे में मरने वाले सभी लोग मिनीबस में थे। मिनीबस दोनों ट्रकों के बीच आ गई थी।

ब्रिटेन में हुए भीषण सड़क हादसे में मारे गए आठ भारतीयों में तीन सॉफ्टवेयर कंपनी विप्रो के कर्मचारी हैं। मिनीबस में सवार ये विप्रो कर्मचारी अपने परिजनों के साथ घूमने निकले थे। बीते शनिवार को दक्षिण ब्रिटेन के बकिंघमशायर के न्यूपोर्ट इलाके में उनकी मिनीबस दो ट्रकों के बीच फंस गई थी। ट्रक चालकों पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया गया है।

हादसे में मारे गए विप्रो कर्मियों की पहचान कार्तिकेयन रामसुब्रमण्यम पुगालुर, ऋषि राजीव कुमार और विवेक भास्करन के रूप में की गई है। मारे गए आठ लोगों में दो महिलाएं भी हैं। कंपनी के एक अन्य कर्मचारी एमआर पन्नीरसेल्वम, पांच साल की एक बच्ची और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हैं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना में चालक के साथ ही पन्नीरसेल्वम के तीन परिजनों की भी मौत हो गई है। मिनिबस में कुल 11 लोग सवार थे, जो लंदन जा रहे थे। वहां से उनका फ्रांस जाने का कार्यक्रम था। विप्रो कर्मचारी नॉटिंघम स्थित कैपिटल वन कंपनी में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

दुर्घटना के वक्त ब्रेट स्मिथ वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘एक परिवार तबाह हो गया। बच्ची क्षतिग्रस्त वाहन में फंसी थी। मैंने उसे वहां से निकाला। उसी वक्त आपात सेवा विभाग के जवान वहां पहुंच गए।’ पुलिस अधिकारी हेनरी पारसंस ने बताया है कि प्रभावितों के भारत स्थित परिजनों को सूचित कर दिया गया है।