Flirting

बंगलुरु में एक शख्स को कॉलेज की छात्राओं के सामने गंदी हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लगभग एक महीने से लड़कियों के सामने उनको देखकर गंदी-गंदी हरकतें कर रहा था। छात्राओं की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार यह मामला वसंतनगर इलाके का है। आरोपी विजेश (32) अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ रहता है। वह एक मलयाली अखबार में कार्यरत था। बीते 1 महीने से विजेश माउंट कार्मल कॉलेज के बाहर जाकर लड़कियों के सामने अश्लील हरकत कर रहा था। वह पार्किंग में छात्राओं का कॉलेज से निकलने का इंतजार करता था।

आखिरकार तंग आकर लगभग 10 छात्राओं ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर ली है। विजेश की बाइक पर प्रेस लिखे होने की वजह से जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के पास शिकायत मिलने के बाद ही विजेश ने अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसे लड़कियों को देखकर हस्तमैथुन करने में आनंद मिलता है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि विजेश के खिलाफ दाखिल हुए मुकदमों में जमानत हो सकती है। हालांकि, यदि छात्राएं मिलकर उसके खिलाफ अपनी गवाही दें, तो आरोपी को 3 साल तक की जेल भी हो सकती है।