Shinzo Abe Speech

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब से थोड़ी देर में जापान के पीएम शिंजो आबे के साथ अहमदाबाद में देश के पहली बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की नींव रखेंगे। यह प्रोजेक्ट करीब 1 लाख करोड़ रुपए का है, बुलेट ट्रेन का यह प्रोजेक्ट अहमदाबाद से मुंबई तक का है। सरकार की ओर से कहा गया है कि इस प्रोजेक्ट को निर्धारित समय से एक साल पहले यानी 2022 में पूरा करने की बात कही है।

UPDATES-

– शिंजो आबे बोले कि भारत और जापान की दोस्ती सिर्फ द्विपक्षीय नहीं है, यह विश्व व्यवस्था की है। जापान पूरी तरह से मेक इन इंडिया का समर्थन करता है। आबे ने कहा है कि मैं और पीएम मोदी ‘जय इंडिया, जय जापान’ का सपना साकार करेंगे। उन्होंने कहा कि अगली बार जब भारत आऊंगा, तो बुलेट ट्रेन में बैठूंगा।

– जापानी पीएम बोले कि जापान में बुलेट ट्रेन से कोई हादसा नहीं होता है, एक दिन पूरे भारत में बुलेट ट्रेन दौड़ेगी। जापान की बुलेट ट्रेन पूरी दुनिया में सबसे सुरक्षित बुलेट ट्रेन सेवा है।

– शिंजो आबे ने कहा कि पीएम मोदी एक दूरदर्शी नेता हैं, मैंने खुद इस प्रोजेक्ट में रुचि ली है। जापान से 100 से अधिक इंजीनियर भारत में आए हुए हैं, मैं मोदी की नीतियों का पूरा समर्थन करता हूं।

– जापानी पीएम शिंजो आबे ने नमस्कार से अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि भारत का ताकतवर होना जापान के हित में है। भारत में नए अध्याय की शुरुआत हुई है।

– मंच पर बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की डेमो फिल्म दिखाई गई।

– महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पीएम मोदी ने जिस नए भारत की संकल्पना रखी है, ये प्रोजेक्ट उसी की शुरुआत है।

– रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पहले महात्मा गांधी को ट्रेन से निकाला गया था, आज हम गांधी की धरती पर ही बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस प्रोजेक्ट के लिए जापान की ओर से 0 फीसदी के ब्याज से पैसों की मदद की है।

– पीएम मोदी, शिंजो आबे के साथ गुजरात के सीएम विजय रुपानी, रेल मंत्री पीयूष गोयल, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस भी कार्यक्रम में मौजूद हैं।

– दोनों नेताओं को प्रोजेक्ट के बारे में समझाया जा रहा है।

– एथलेटिक्स स्टेडियम पहुंचे मोदी-आबे, बस कुछ ही देर में रखेंगे बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की नींव।

2015 में हुई थी डील-
दोनों देशों के बीच बुलेट ट्रेन को लेकर 2015 में मेमोरेंडम साइन किया गया था। इसके अंतर्गत जापान में टोक्यो से कोब से बीच चलने वाली बुलेट ट्रेन की तर्ज पर मुंबई से अहमदाबाद के बीच ट्रेन चलाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया था। पीएम मोदी ने नवंबर 2016 में अपने जापान दौरे के दौरान इस बुलेट ट्रेन में सफर किया था। उसी ट्रेन की टेक्नोलॉजी को भारत में इस्तेमाल किया जाएगा।

बुधवार को हुआ शानदार स्वागत-
बुधवार को पीएम मोदी ने खुद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर शिंजो आबे का गले लगाकर स्वागत किया। इसके बाद शिंजो आबे को एयरपोर्ट पर ही गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम नरेंद्र मोदी और जापान के पीएम शिंजो आबे जॉइंट रोड शो के बाद साबरमती आश्रम पहुंचे थे।

पीएम मोदी, जापानी पीएम शिंजो आबे और उनकी पत्नी को डिनर के लिए अहमदाबाद के प्रसिद्ध ‘अगाशिए टैरेस’ रेस्तरां ले गए थे। यह रेस्तरां अपने शानदार नजारे और गुजराती जायके के लिए काफी मशहूर है। इन राष्ट्राध्यक्षों ने ‘जनतरंग’ संगीत का भी लुत्फ उठाया।

जापानी पीएम शिंजो आबे को उनके इस गुजरात दौरे पर खास भारतीय-गुजराती पकवानों से सजी थाली परोसी गई थी। गुजराती थाली में पालक जामुन, रसावाला बटाटा, उंधियू, भिंडा कढ़ी, गुजराती दाल, खिचड़ी, ड्राईफ्रूट्स पुलाव, पूरी, रोटी और बाजरा थेपला थे। वहीं स्वीट डिश में जापानी पीएम के लिए केसरिया जलेबी, आइसक्रीम और पेटिट फोर्स (खजूर के बॉल्स) रखे गए थे।