सुनील शेट्टी

बॉलीवुड के माचोमैन सुनील शेट्टी आज 56वर्ष के हो गये हैं। सुनील शेट्टी को एक ऐसे बहुमुखी प्रतिभा वाले अभिनेता के रूप में शुमार किया जाता है, जिन्होंने न सिर्फ एक्शन से बल्कि हास्य और नकारात्मक किरदार निभाकर भी दर्शकों को अपना दीवाना बनाया है। आइये जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ खास बातें…

सुनील शेट्टी का जन्‍म 11 अगस्‍त 1961 को मैंगलोर कर्नाटक में हुआ था। उन्‍होंने साल 1992 में फिल्‍म ‘बलवान’ से बॉलीवुड में डेब्‍यू किया था। इस फिल्‍म में उनके आपोजिट दिवंगत अभिनेत्री दिव्‍या भारती नजर आई थी। फिल्‍म बॉक्‍स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी, मगर दर्शकों ने सुनील शेट्टी के अभिनय को सराहा था और फिर उन्‍हें फिल्‍मों के ऑफर्स आने लगे। साल 1994 की फिल्‍मों में वे एक स्‍टार बनकर उभरे। इस साल उनकी चार फिल्‍में, ‘दिलवाले’, ‘अंत’, ‘मोहरा’ और ‘गोपी किशन’ रिलीज हुई। इन फिल्‍मों ने सुनील शेट्टी के करियर को एक नया मोड़ दिया था। इन फिल्‍मों के बाद सुनील शेट्टी एक सफल अभिनेता के तौर पर स्‍थापित हो गये थे।

इसके बाद साल 1996 में उनकी एक के बाद एक तीन फिल्‍में रिलीज हुई। जिसमें ‘कृष्‍णा’, ‘सपूत’ और ‘रक्षक’ जैसी फिल्में थी। इसके बाद उनकी फिल्म ‘बॉर्डर’ रिलीज हुई, जिसमें उनके परफॉरर्मेंस को खूब सराहा गया और उनकी यह फिल्‍म ब्लाकबस्टर साबित हुई। सुनील शेट्टी ने एक्‍शन स्‍टार के रूप में बॉलीवुड में एक अलग पहचान बनाई थी। उन्‍होंने कई रोमांटिक फिल्‍मों में भी काम किया है। उन्‍हें फिल्‍म ‘धड़कन’ के लिए बेस्‍ट विलेन का फिल्‍मफेयर अवार्ड मिला था। इस फिल्‍म में उनके साथ-साथ अक्षय कुमार और शिल्‍पा शेट्टी ने भी मुख्‍य भूमिका निभाई थी। इस फिल्‍म के गाने भी खूब चर्चित हुए थे।

खबरें आई थी कि फिल्‍म ‘मोहरा’ की शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार ने सुनील शेट्टी के कई सीन कटवा दिए थे, जिसके बाद ऐसा कहा जाने लगा था कि दोनों स्‍टार्स की दोस्‍ती में दरार आ गई है। मगर हाल ही में सुनील शेट्टी ने कहा था,’मैं अक्षय से जलता नहीं हूं बल्कि उनसे प्रेरित हूं।’ ‘मोहरा’ में अक्षय कुमार और रवीन टंडन ने भी मुख्‍य भूमिका निभाई थी। सुनील शेट्टी एक फिल्म अभिनेता होने के साथ ही साथ फिल्‍म निर्माता, टेलीविजन प्रिजेंटर और एंटरप्रेन्योर भी हैं। उन्होंने अपने सिने करियर के दौरान लगभग 110 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। कहा जाता है कि सुनील शेट्टी क्रिकेटर बनना चाहते थे, मगर किस्‍मत ने उन्‍हें एक्‍टर बना दिया। उन्‍हें मार्शल आर्ट में भी महारत हासिल है।

सुनील शेट्टी ने माना संग शादी की है और उनके दो बच्‍चे हैं- बेटी आथिया शेट्टी और बेटा अहान शेट्टी। माना शेट्टी एक इंडीरियर डिजाइनिंग और आर्किटेक्चर कंपनी की मालकिन हैं। इसके साथ ही वे एक एनजीओ भी चलाती हैं। इसमें सुनील शेट्टी भी उनकी मदद करते हैं। सुनील शेट्टी की बेटी आथिया ने हाल ही में सलमान खान प्रोडक्‍शन की फिल्‍म ‘हीरो’ से बॉलीवुड में डेब्‍यू किया था। फिल्‍म में उनके आपोजिट सूरज पंचोली के बेटे आदित्‍य पंचोली नजर आये थे। खबरें है कि जल्‍द ही अहान भी बॉलीवुड में डेब्‍यू कर सकते हैं।

सुनील शेट्टी आज भले ही फ़िल्मों से दूर हैं, मगर वे आज भी हर साल 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करते हैं। ‘बार और क्लब’ के साथ ही उनका खुद का प्रोडक्शन हाउस ‘पॉपकॉर्न एंटरटेनमेंट’ और कर्नाटक सहित देश के कई शहरों में उनके रेस्टोरेंट और होटल चेन हैं। उनका खुद का एक बुटिक भी है। इन सबसे उनकी हर साल करोड़ों की कमाई होती है।