लखनऊ, 6 सितम्बर 2021

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में डेंगू, वायरल बुखार से हाहाकार मचा हुआ है, अस्पतालों में भारी भीड़ है, समय से समुचित इलाज न मिलने से बच्चों की मौतें हो रही है। सत्तारूढ़ भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री इसके बावजूद आल इज वेल का झूठा दावा कर रहे हैं। ध्वस्त स्वास्थ्य सेवाओं की ओर भाजपा सरकार का ध्यान नहीं है।

अखिलेश ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि डेंगू बुखार ने पश्चिमी यूपी में सैकड़ों मासूमों की जान ली। अब पूर्वी यूपी में भी इसका प्रकोप दिखाई दे रहा है। खुद राजधानी लखनऊ के अस्पतालों से मरीजों की भीड़ नहीं रुक रही है। हालत बिगड़ने की वजह से दवाइयों का स्टाक कम हो गया है। गंभीर बीमार भी अस्पतालों से वापस किए जा रहे हैं। बेड न होने के बहाने से उनका प्राथमिक उपचार नहीं किया जा रहा है। फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, कानपुर, फर्रुखाबाद सहित कई जिलों में मातम पसरा हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में संवेदना नाम की कोई चीज नहीं है। कोरोना की दूसरी लहर में प्रदेश में लाशों का खेल होता रहा। मुख्यमंत्री दावा करते रहे कि तीसरी लहर आने से पहले ही सब तैयारियां कर ली गई है। वार्डों में बेड बढ़ गए है, दवाएं पर्याप्त हैं, लेकिन डेंगू के पहले दौर में ही स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का आलम यह है कि गरीब आदमी न जी पा रहा है, न मर पा रहा है। भाजपा जनता के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति जितनी उपेक्षा दिखा रही है उससे भाजपा के खिलाफ व्यापक जनरोष की लहर चल रही है। भाजपा की दमनकारी, दंभी सत्ता अब कभी वापस नहीं आएगी। सभी सन् 2022 में समाजवादी सरकार बनने के बारे में विश्वस्त है।