मुरादाबाद संभल, 21 सितम्बर 2021

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा और संभल के कैलादेवी में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2017 से पहले वेस्ट यूपी में बहन-बेटियां घर से निकलने में घबराती थीं, हमारी सरकार ने उनका सम्मान लौटाया है। उन्होंने सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियां गिनाने के साथ पूर्व की सरकारों पर जमकर हमला बोला। पूरी तरह चुनावी मोड में दिखे योगी ने सपा पर सबसे ज्यादा हमले किए। संभल में उन्होंने सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क का नाम लिए बिना कहा कि तालिबान का समर्थन करने वाले लोग समाजवादी पार्टी का काला चेहरा हैं। ऐसे लोगों से कानून के दायरे में रहकर निपटेंगे। मुख्यमंत्री ने बिजनौर में मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास के बाद भी सभा को संबोधित किया।

मुख्मंत्री ने मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र के रतूपुरा में आयोजित जनसभा में कहा कि पूर्व की सरकारों में पश्चिमी यूपी में अवैध बूचड़खाने चलते थे। बहन-बेटियों को उठा लिया जाता था, छेड़खानी होती थी। पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होती थी। पूर्व की सरकारें दंगा भड़काने और अपराधियों को संरक्षण देने वाली सरकारें थीं। जनता का जीना दूभर हो गया था। भाजपा सरकार ने बहन-बेटियों का सम्मान लौटाया है। अब किसी की मजाल नहीं की उनकी ओर आंख उठाकर देखे। प्रदेश की 30 हजार बहन-बेटियां पुलिस में भर्ती होकर न सिर्फ अपराधियों को सबक सिखा रहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही हैं। सीएम ने मुरादाबाद में 69.58 करोड़ की और संभल में 275 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ ही लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व चेक भी वितरित किए। ठाकुरद्वारा में कार्यक्रम संयोजक पूर्व सासंद सर्वेश सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी मौजूद रहे।

सपा सरकार में मिलती थी चार जिलों को बिजली
मुख्यमंत्री ने मंडल में आयोजित तीनों कार्यक्रमों में सपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि सपा के कार्यकाल में सिर्फ चार जिलों को ही बिजली मिलती थी। पहले की सरकारें अपने स्वार्थ के लिए काम करती थीं। भाजपा के कार्यकाल में माहौल बदल गया है। सरकार बिना भेदभाव के सभी जिलों को भरपूर बिजली दे रही है। भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर काम किया। प्रदेश की जनता ने पिछले साढ़े चार साल में आपने बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर देखी है। उन्होंने बार-बार जोर देकर पिछले चुनावों में हारी सीटों का जिक्र किया और कहा कि अबकि बार गलती मत करना।

अब बिना सिफारिश मिलती है नौकरी
सपा पर हमलावर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकारों में भर्तियों के लिए वसूली अभियान चलाया जाता था। अब प्रदेश में बिना सिफारिश नौकरियां मिलती हैं। सपा सरकार में उन्होंने अपने पार्टी कैडर के लोगों को ही लाभ पहुंचाया हमने कोई भेदभाव नहीं किया। मुख्यमंत्री ने आने वाले चुनाव के लिए सहयोग भी मांगा। मुफ्त राशन वितरण, आवास, राम मंदिर निर्माण, धारा 370 पर भी केंद्र की मोदी समेत यूपी की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। वादा किया कि आपके स्वाभिमान सम्मान को कभी चोट नहीं पहुंचने दूंगा।

कल अमरोहा में मुख्यमंत्री 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार दोपहर अमरोहा पहुंचेंगे। यहां वह जिले के विकास से जुड़ीं 433 करोड़ रुपये लागत वाली 31 परियोजनाओं का लोकापर्ण व शिलान्यास करेंगे। दोपहर 2:40 बजे जोया में पुलिस लाइन निर्माण के लिए प्रस्तावित जमीन पर मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर उतरेगा। वह दोपहर 2:45 बजे कार से सभा स्थल पहुंचेंगे। करीब एक घंटे के कार्यक्रम के बाद दोपहर 3:55 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे।