गोरखपुर, 4 सितम्बर 2021

गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास यतिराज टोक्यो पैरालंपिक्स में पुरुष सिंगल्स बैडमिंटन स्पर्धा एसएल-4 का रजत पदक जीत कर इतिहास रचा है। लेकिन वे फाइनल में वह स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। खिताबी मुकाबले में उन्हें फ्रांस के खिलाड़ी लुकास माजुर ने 2-1 से शिकस्त दी। सुहास के रजत पदक जीतने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी है।

गोरखनाथ मंदिर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुहास को बधाई दी। अपने ट्वीटर हेंडल पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया कि,‘आज टोक्यो पैरालंपिक में गौतमबुद्ध नगर सुहास एलवाई ने सुहास एल वाई ने बैडमिंटन स्पर्धा में रजत पदक जीत कर भारतवर्ष की खेल प्रतिभा को वैश्विक पटल पर प्रतिष्ठित किया है, समूचे देश को हर्षाने वाली यह अविस्मरणीय उपलब्धि अनेकानेक खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। आपको अनन्त शुभकामनाएं। जय हिंद!’

गोरखनाथ मंदिर में समाचार एजेंसी से मुखातिब सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुहास को बधाई दी। कहा कि,‘ओलंपिक के बाद पैरालंपिक्स में भारत की टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। आज हम सब के लिए एक नई खुशखबरी आई है कि जिलाधिकारी नोयडा सुहास एलवाई ने पैरारंपिक्स में सिल्वर मैडल प्राप्त किया है, मै उन्हें ह्दय से इसके लिए बधाई देता हूं। देश वासियों एवं प्रदेश वासियों की ओर से बधाई देते हुए उनका अभिनंदन करता हूं। ’ सीएम ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि अपने प्रशासनिक दायित्व का कुशलतापूर्वक निवर्हन करने के साथ उन्होंने पैरालम्पिक्स में भी बड़ी सफलता प्राप्त की है। उन्होंने पहले भी कई प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।