देहरादून, 16 सितम्बर 2021

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने जन्मदिवस पर टपकेश्वर मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद अनाथ और दिव्यांग बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। सीएम धामी ने टपकेश्वर मन्दिर में जलाभिषेक के बाद कहा कि भगवान भोलेनाथ हमारे आराध्य देव हैं मैं आज भगवान की शरण में आया हूं। भगवान भोलेनाथ से कामना करता हूं कि प्रदेश नई ऊंचाइयों को छुए। इसके बाद सीएम धामी तिलक रोड स्थित बाल वनिता आश्रम पहुंचे। जहां उन्होंने अनाथ बालिकाओं को उपहार प्रदान किये। उन्होंने राष्ट्रीय दृष्टिबाधित दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर दृष्टिबाधित बच्चों के साथ अपना जन्म दिवस मनाया।

इस दौरान उन्होंने संस्थान में बच्चों को स्कूल बस की व्यवस्था एवं 10 कम्प्यूटर दिए जाने की घोषणा की। उन्होंने पौधरोपण किया एवं दृष्टिबाधित बच्चों को मिठाई बांटी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आज बच्चों के बीच आकर अभिभूत हूं। उन्होंने कहा की संकल्प शक्ति एवं इच्छा शक्ति दो ऐसी शक्तियां हैं, इनसे हम सब कुछ प्राप्त किया जा सकता हैं। जिन लोगों ने भी इतिहास बनाया है, वे साधारण परिस्थितियों में अपनी इच्छा और संकल्प शक्ति से बुलंदियों तक पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर श्री धामी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं।